नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड अभिनेत्री पूनम ढिल्लों के मुंबई स्थित घर में कुछ दिन पहले चोरी का मामला सामने आया था। पुलिस ने एक्ट्रेस के घर चोरी करने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान समीर अंसारी के रूप में हुई है। आरोपी ने अभिनेत्री के घर से करीब 1 लाख रुपये की कीमत की हीरे की बालियां और 35 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। इस आरोपी को पुलिस ने 6 जनवरी को गिरफ्तार किया है।
खार स्थित फ्लैट में हुई थी चोरी
पूनम ढिल्लों के खार स्थित फ्लैट पर चोरी की वारदात सामने आई थी। अभिनेत्री जुहू स्थित आवास में रहती हैं जबकि खार स्थित फ्लैट बेटे अनमोल का है। पूनम ढिल्लों कभी-कभी खार के घर में भी रुकती हैं। आरोपी ने मौका पाकर फ्लैट से 35 हजार रूपये कैश, एक लाख रुपये की कीमत की हीरे की बालियां और 500 अमेरिकी डॉलर चोरी कर लिए थे। खार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फ्लैट में पेटिंग करने आया था आरोपी
पुलिस को जांच में पता चला कि 28 दिसंबर से 5 जनवरी तक अभिनेत्री के घर पर पेंटिंग का कार्य हुआ था। तब समीर अंसारी नाम का शख्स भी पेंटिंग करने वाले मजदूरों में शामिल था। मौका पाकर उसने अलमारी से नकद व आभूषण चोरी कर लिए थे। इस शख्स ने चुराई गई रकम से बाद में अपने दोस्तों को पार्टी भी दी थी।
दुबई से लौटने पर पता चली वारदात
अभिनेत्री का बेटा अनमोल 5 जनवरी को दुबई से लौटा था। जब उन्होंने कैश व कीमती सामान की जांच की तो पता चला कि कुछ सामान गायब है। तब उन्होंने इस बारे में अपनी मां से बात की। इसके बाद पूनम के मैनेजर संदेश चौधरी ने खार पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की पूछताछ में समीर अंसारी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है ।




