नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड के रोमांस किंग हर्षवर्धन राणे एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। इस बार वे लेकर आ रहे हैं अपनी नई फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’, जिसमें उनके साथ नजर आएंगी पंजाबी सिनेमा की दमदार अभिनेत्री सोनम बाजवा। इस फिल्म का टीजर 22 अगस्त यानी आज रिलीज हो चुका है। फैंस के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। आइए जानते है कब होगी ये फिल्म रिलीज ।
फिल्म के निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी, जिन्होंने इस बार एक ऐसी प्रेम कहानी पर्दे पर उतारने की कोशिश की है, जो न सिर्फ प्यार, बल्कि जुनून और धोखे की दिल छू लेने वाली गहराइयों को भी दर्शाती है। इसके टीजर को देखंकर फैंस का कहना है कि यह कहानी ‘सैयारा’ और ‘तेरे नाम’ जैसी फिल्मों की याद दिलाती है, लेकिन भावनाओं की तीव्रता में ये उससे कई गुना ज्यादा है।
टीजर में हर्षवर्धन का किरदार बेहद दिलचस्प है, जहां उनके दिल में बसी मोहब्बत की आग साफ महसूस होती है। वहीं, सोनम बाजवा की भूमिका में उनके प्रति नफरत और दर्द का भी गहरा असर देखने को मिलता है। जब प्यार और नफरत आमने-सामने हों, तो क्या होगा।यही सवाल टीजर की सबसे बड़ी आकर्षण बन चुका है।
फैंस ने किया जोरदार स्वागत
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने हर्षवर्धन की वापसी का जोरदार स्वागत किया। एक फैन ने लिखा, सनम तेरी कसम वाला हर्षवर्धन लौट आया। वहीं, एक अन्य ने कहा, लेजेंड को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार नहीं कर सकता। कई लोगों ने टीजर की भावनात्मक गहराई की भी तारीफ की और इसे ‘दिल छू लेने वाला’ बताया।
फिल्म की रिलीज डेट और निर्माता की उम्मीदें
‘एक दीवाने की दीवानियत’ 21 अक्टूबर को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी, जो इस साल दिवाली की धूम को और भी खास बना देगी। इस फिल्म के निर्माता प्ले डीएमएफ के फाउंडर अंशुल गर्ग हैं, अंशुल गर्ग कहते हैं, दीवानियत ऐसी भावनाओं की कहानी है जो दिल को छू जाती हैं। टीजर में भी उस आग की झलक साफ नजर आ रही है मुझे पूरा भरोसा है कि दर्शक फिल्म के साथ गहरे जुड़ाव महसूस करेंगे।
रोमांस, ड्रामा और जज़्बातों का सैलाब
कहानी के लेखक मशहूर लेखक मुश्ताक शेख हैं, जिनके साथ मिलाप मिलन जावेरी भी सह-लेखन में हैं। सह-निर्माता राघव शर्मा की देखरेख में यह फिल्म प्रेम, जलन, गुस्सा और धोखे के जज़्बातों से भरपूर है। निर्देशक मिलाप मिलन जावेरी का मानना है कि यह फिल्म एक गहरी और यादगार प्रेम कहानी है, जो दर्शकों के दिलों को छू जाएगी।
सोनम और हर्षवर्धन की पहली जोड़ी
फिल्म में पहली बार हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ दिखेगी। टीजर और पोस्टर में दोनों की जबरदस्त केमिस्ट्री साफ झलक रही है, जो फैंस के उत्साह को और बढ़ा रही है। संगीत, ड्रामा और रोमांस का तड़का लिए यह फिल्म दिवाली पर दर्शकों को एक नया एहसास देने को तैयार है।




