नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । हरियाणवीं सिंगर और रैपर राहुल फाजिलपुरिया की कार पर देर रात गुरुग्राम के बादशाहपुर में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। वह सेक्टर 71 की एक सोसाइटी के बाहर अपनी थार गाड़ी से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। हमलावर टाटा हैरियर गाड़ी में थे, जिन्होंने दो राउंड फायरिंग करके फरार हो गए। इस हमले में राहुल ने अपनी कार को तेज गति से चलाकर अपनी जान बचाई। फिलहाल, इस घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
बता दें कि तीन महीने पहले ही पुलिस ने राहुल फाजिलपुरिया की सिक्योरिटी वापस ले ली थी, जिसके बाद यह घटना हुई है। हमले के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वह शूटर्स के मकसद और घटना के कारणों की तलाश में है। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और अपराधियों को पकड़ने के लिए सबूत जुटा रही है। राहुल की कार पर गोली चलने की सूचना मिलने पर गुरुग्राम पुलिस घटना स्थल पर पहुंची, लेकिन अभी तक उन्होंने गोलीबारी की पुष्टि नहीं की है।
कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली थी धमकी
कुछ समय पहले सिंगर राहुल फाजिलपुरिया को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे। हालांकि जांच में कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया कि उन्हें धमकी दी गई थी। इसी वजह से तीन महीने पहले पुलिस ने उनके सुरक्षा कर्मियों को वापस ले लिया था। अब ऐसे में उनके ऊपर फायरिंग का मामला सामने आया है।
पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का पैटर्न
हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर ये हमला पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला पैटर्न की तर्ज पर किया गया है। फाजिलपुरिया का गांव घटना स्थल के पास में ही है। घटना से पहले का एक CCTV भी सामने आया है। जिसमें सिगंर की ‘महिंद्रा थार रॉक्स’ कार को जाते हुए देखा जा सकता है।





