नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को लगातार जान से मारने की धमकी मिल रही है। इस बार भी धमकी देने वाले आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को मुंबई पुलिस को सौंप दिया है। आरोपी का नाम बीखा राम बताया जा रहा है, जो राजस्थान के जालौर में रहता है।
राजस्थान का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है मामले में जांच पड़ताल से कई बातों का खुलासा हुआ है। हावेरी के पुलिस अधीक्षक अंशु कुमार ने इंटरव्यू के दौरान बताया है कि, ‘महाराष्ट्र एटीएस से मिली जानकारी के आधार पर हावेरी कस्बे में एक शख्स को पकड़ा गया और आज उसे उनके हवाले कर दिया गया।’ आरोपी को लेकर यह भी खुलासा हुआ है कि करीब डेढ़ महीने से वह हावेरी के अलग-अलग जगहों पर रह रहा था।
दिहाड़ी मजदूर है धमकी देने वाला आरोपी
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी कंस्ट्रक्शन साइट्स पर काम करता था और गौदर ओनी में किराए के घर पर रहता था। बता दें कि, आरोपी ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का फैन बताया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि आरोपी एक बिहारी मजदूर है जो न्यूज़ चैनल पर सलमान खान की खबरें देख रहा था। इसी तरह से मजे लेने के लिए उसने यह हरकत की।
आरोपी ने क्या दी थी धमकी
आरोपी विक्रम ने मुंबई पुलिस को फोन करके कहा, ‘अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं तो हमारे मंदिर में जाकर माफी मांगे नहीं तो 5 करोड़ रुपए दें। अगर वह ऐसा नहीं करते हैं तो हम उन्हें मार देंगे।’ बता दें कि, सबसे पहले आरोपी ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया था जिसके खिलाफ वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला पहले से दर्ज है।
क्या है मामला बार-बार क्यों मिल रही है धमकी
काले हिरण से जुड़ा यह मामला धीरे-धीरे आगे बढ़ता जा रहा है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से लगातार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। बिश्नोई गैंग यह चाहता है कि सलमान खान उनके समाज से माफी मांगे। वहीं, सलमान खान और उनकी फैमिली का यह कहना है कि एक्टर ने किसी हिरण का शिकार किया ही नहीं। ऐसे में यह मामला कहीं से सुलझता हुआ नजर नहीं आ रहा है बल्कि आए दिन एक्टर को धमकी भरे फोन आ रहे हैं फिलहाल, मुंबई पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।




