नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मशहूर फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान से 6 नए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्हें पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है। इसके साथ ही इस केस में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है
31 जनवरी की रात हुई थी वारदात
यह सनसनीखेज घटना 31 जनवरी की रात करीब 12:45 बजे की है। उस समय रोहित शेट्टी अपने जुहू स्थित आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने बिल्डिंग की ओर लगातार 5 राउंड फायरिंग किया और स्कूटर से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी काले जैकेट और सफेद पैंट में दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दी।
पुणे से मुंबई तक फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई होंडा डियो स्कूटर पुणे से लाई गई थी, जिसे बाद में विले पार्ले इलाके से बरामद किया गया। मौके से फॉरेंसिक टीम ने पांच खाली कारतूस और कांच के टुकड़े जब्त किए।
चैट डिलीट कर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, एक एयरगन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने आपसी संपर्क के लिए Signal ऐप का इस्तेमाल किया और बाद में चैट डिलीट कर सबूत मिटाने की कोशिश की।
जांच जारी, और बड़े खुलासों की संभावना
मुंबई पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस साजिश के पीछे और भी लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल रोहित शेट्टी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर रखे हुए है।
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक बड़े नाम के घर पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उम्मीद है कि जल्द ही इस साजिश का पूरा सच सामने आएगा।





