नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में कई सितारे ऐसे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शोज से की और बाद में बॉलीवुड व ओटीटी पर छा गए। ऐसी ही एक्ट्रेस हैं क्रिस्टल डिसूजा, जो 1 मार्च 2026 को अपना जन्मदिन मना रही हैं। क्रिस्टल ने अपने करियर की शुरुआत 2007 में टीवी शो ‘काहे ना कहे’ से की थी। हालांकि इस शो से उन्हें शुरुआती पहचान नहीं मिली, लेकिन इसके बाद उन्होंने ‘क्या दिल में है’, ‘कस्तूरी’ और ‘किस देश में है मेरा दिल’ जैसे टीवी शोज में काम किया। इन शोज ने उन्हें इंडस्ट्री में धीरे-धीरे पहचान दिलाई और दर्शकों के दिलों में जगह बनाई।
क्रिस्टल डिसूजा का जन्म 1 मार्च 1990 को मुंबई, महाराष्ट्र, में हुआ और वह एक क्रिश्चियन परिवार से आती हैं। उनके पिता का नाम मेरविन डिसूजा और माता का नाम सिल्विया डिसूजा है। उनका एक भाई भी है जिनका नाम कीथ डिसूजा है। क्रिस्टल ने अपने स्कूल की पढ़ाई ऑक्सिलियम कॉन्वेंट हाई स्कूल, वडाला से और कॉलेज सेंट जेवियर्स कॉलेज, मुंबई से ग्रेजुएशन पूरी की है।
क्रिस्टल अक्सर अपनी निजी जिंदगी को गुप्त रखना पसंद करती हैं, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने करियर के दौरान रेस्टोरेंट मालिक गुलाम गौस दीवानी के साथ लगभग तीन साल तक रिलेशनशिप में रही थीं। हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हो गया है और उन्होंने एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो भी कर दिया था।
साल 2011 में उनकी लाइफ का बड़ा मोड़ आया जब उन्हें ‘एक हजारों में मेरी बहना है’ सीरियल में लीड रोल मिला। इस शो के जरिए क्रिस्टल घर-घर में फेमस हो गईं। इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी अपनी पहचान बनाई। 2019 में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘फिट्ट्रैट’ ने उन्हें डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लोकप्रिय बना दिया।
साल 2025 में छा गईं एक्ट्रेस
लेकिन उनका करियर का असली धमाका 2025 में आया, जब उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ के आइटम सॉन्ग ‘शरारत’ में अपनी झलक दिखाई। इस गाने के बाद उनका नाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता कई गुना बढ़ गई। इस गाने में आयशा खान के साथ क्रिस्टल की केमिस्ट्री और डांस स्टेप्स फैंस के बीच खूब पसंद किए गए।
फैंस के लिए खुशखबरी यह है कि ‘धुरंधर’ का दूसरा पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च को रिलीज होने जा रहा है। इससे पहले टीवी शोज से घर-घर फेमस हुई क्रिस्टल अब बॉलीवुड और ओटीटी दोनों प्लेटफॉर्म पर फैंस का दिल जीत रही हैं। उनकी मेहनत, टैलेंट और स्क्रीन पर मौजूदगी ने उन्हें टीवी की हसीना से फिल्म इंडस्ट्री की चमकदार स्टार बना दिया है।
क्रिस्टल डिसूजा की कहानी बताती है कि किस तरह टीवी से शुरुआत करने वाले कलाकार सही मौके और मेहनत से बड़े पर्दे पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उनका सफर फैंस और नए कलाकारों के लिए प्रेरणा भी है।





