नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । करिश्मा कपूर इन दिनों अपने पूर्व पति संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद के चलते चर्चा में हैं। बुधवार, 30 जुलाई को करिश्मा अपने बेटे कियान और बेटी समायरा के साथ दिल्ली पहुँचीं। तीनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर साथ देखा गया। यह दिल्ली यात्रा ऐसे वक्त पर हुई है जब संजय कपूर की भारी-भरकम संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद और गहरा होता जा रहा है।
हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि करिश्मा कपूर ने भी संजय कपूर की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की है, लेकिन ये खबरें बाद में झूठी साबित हुईं। संजय कपूर के परिवार के एक करीबी सूत्र ने मीडिया को बताया कि करिश्मा ने न तो ऐसा कोई दावा किया है और न ही उनका ऐसा कोई इरादा है। वह सिर्फ अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं और चाहती हैं कि उनका जीवन सुरक्षित और स्थिर हो।
संजय कपूर का कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ था निधन
12 जून को इंग्लैंड में पोलो खेलते समय संजय कपूर का कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। खेल के दौरान उन्होंने अनजाने में मधुमक्खी निगल ली, जिससे उनकी सांस रुक गई और इसके चलते हार्ट अटैक हुआ। उनके अचानक हुए निधन के बाद 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया। यह विवाद तब और गहराया जब हाल ही में संजय कपूर की मां, रानी कपूर ने कुछ गंभीर आरोप लगाए।
संजय कपूर की मां ने पारिवारिक संपत्ति हड़पने के लगाए आरोप
रानी कपूर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ लोग पारिवारिक संपत्ति और वसीयत को हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। उनका दावा है कि उनसे जबरन कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और उन्हें कंपनी से जुड़े अहम फैसलों से जानबूझकर अलग रखा गया। उन्होंने संजय कपूर की मृत्यु को लेकर भी संदेह जताया और कहा कि यह स्वाभाविक मौत नहीं लगती। इस पूरे विवाद के बीच करिश्मा कपूर द्वारा संजय की संपत्ति में हिस्सेदारी मांगने की खबरें भी सामने आई थीं, जिन्हें संजय के परिवार ने पूरी तरह से खारिज करते हुए निराधार बताया।
करिश्मा कपूर को तलाक के बाद मिली थी मोटी एलिमनी
संजय कपूर की मां ने यह आरोप लगाया था कि कुछ लोग परिवार की संपत्ति को हड़पने की कोशिश कर रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी, लेकिन 2016 में दोनों का तलाक हो गया। तलाक के बाद बच्चों की कस्टडी करिश्मा को मिली। संजय ने एलिमनी के तौर पर करिश्मा को करीब 70 करोड़ रुपये, अपने पिता का आलीशान बंगला और बच्चों के लिए 14-14 करोड़ रुपये के बॉन्ड दिए थे। इन बॉन्ड से हर महीने लगभग 10 लाख रुपये का ब्याज मिलता है।




