नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । ‘लगदी लाहौर दी’, ‘तेनू सूट सूट करदा’, ‘बन जा रानी’, ‘पटोला’, ‘हाई रेटेड गबरू’, ‘दारु वरगी’ और ‘रात कमल है’ जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बनाने वाले गुरु रंधावा आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। शानदार गायकी और स्टाइलिश लुक्स के लिए मशहूर इस सिंगर का असली नाम गुरशरणजोत सिंह रंधावा है। आज 30 अगस्त को अपना 33वां जन्मदिन मना रहे गुरु रंधावा ने एक वक्त पर शादियों और छोटे आयोजनों में गाकर अपना गुजारा किया था। लेकिन कड़ी मेहनत और कई फ्लॉप गानों के बाद आखिरकार उन्हें एक ऐसे हिट गाने ने स्टार बना दिया, जिसने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री में एक अलग पहचान दिलाई। पंजाबी म्यूजिक से शुरुआत करने वाले गुरु रंधावा ने जल्द ही बॉलीवुड में भी बड़ा मुकाम हासिल किया। आज वे उन चुनिंदा सेलेब्रिटीज में से हैं जिन्हें सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा फॉलो किया जाता है।
कभी शादियों में गाकर चलता था गुजारा
गुरु रंधावा आज भले ही एक सुपरहिट सिंगर और ग्लैमर वर्ल्ड का जाना-पहचाना चेहरा हों, लेकिन उनकी राह इतनी आसान नहीं थी। नेम और फेम कमाने से पहले उन्होंने शादियों, छोटे स्टेज शोज और पार्टियों में गाकर अपने शुरुआती दिन गुजारे। म्यूजिक इंडस्ट्री में पैर जमाने के लिए उन्हें करीब दो साल तक लगातार संघर्ष करना पड़ा। साल 2012 में उनका पहला गाना ‘सेम गर्ल’ रिलीज हुआ था, लेकिन यह गाना ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाया। इसके बाद उन्होंने ‘छड़ गई’ नाम से एक और सॉन्ग पेश किया, लेकिन ये भी हिट नहीं हो पाया। हालांकि असफलताओं ने उन्हें रोकने के बजाय और मजबूत किया। उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करते रहे। यही जुनून उन्हें आगे चलकर इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर सिंगर्स में शामिल कर गया।
इस गाने ने बदल दी किस्मत
गुरु रंधावा की किस्मत उस वक्त बदली, जब मशहूर रैपर बोहेमिया ने उन्हें अपने साथ गाने का मौका दिया। यह मौका बना उनके करियर का टर्निंग पॉइंट। साल 2015 में रिलीज हुआ गाना ‘पटोला’, जिसमें गुरु रंधावा और बोहेमिया की जुगलबंदी ने देशभर में धमाका कर दिया। ‘पटोला’ गाना न सिर्फ एक मेगाहिट साबित हुआ, बल्कि इसी ट्रैक ने गुरु रंधावा को म्यूजिक इंडस्ट्री में वह पहचान दिलाई, जिसका वे सालों से इंतजार कर रहे थे। यह गाना हर पार्टी, शादी और म्यूजिक प्लेलिस्ट का हिस्सा बन गया और गुरु रंधावा की आवाज हर घर तक पहुंच गई। आज गुरु रंधावा सिर्फ पंजाबी म्यूजिक का नहीं, बल्कि बॉलीवुड के भी टॉप सिंगर्स में शुमार हैं।




