नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । अवैध सट्टेबाजी ऐप को लेकर प्रमोशन कर रहे कई क्रिकेटर और स्टार्स से प्रवर्तन निदेशालय ने समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। इस कड़ी में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को भी केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूछताछ के लिए समन भेजा था। इसके तहत सोनू सूद 24 सितंबर, बुधवार को दिल्ली स्थित ED मुख्यालय में उपस्थित हुए।
मिली जानकारी के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को ईडी ने 24 सितंबर को दिल्ली मुख्यालय में बुलाया। उनके साथ सात घंटे तक पूछताछ हुई। जांच एजेंसी कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में उनका पक्ष जानना चाहती है। उनका वीडियो भी सामने आया।
बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद को ईडी ने वन एक्स बेट (1XBet) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा। इस मामले में जांच के दौरान कई चर्चित क्रिकेटर और सेलिब्रिटी भी समन प्राप्त कर चुके हैं, जिनमें युवराज सिंह, सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा, मिमी चक्रवर्ती, उर्वशी रौतेला शामिल हैं।
रैना और धवन से भी हो चुकी हैं लंबी पूछताछ
जानकारी के अनुसार, सोनू सूद से पहले इस मामले में 23 सितंबर को युवराज सिंह को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ईडी ने हाल के हफ्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ की है। वहीं सोमवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का बयान दर्ज किया जा चुका है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह जांच कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप्स से जुड़ी है। आरोप है कि इस ऐप ने कई लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया या बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की। वहीं, कंपनी का दावा है कि 1XBet एक वैश्विक स्तर पर मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म है, जिसमें 18 साल का अनुभव है। कंपनी के अनुसार, ग्राहक हजारों खेल आयोजनों पर सट्टा लगा सकते हैं और इसकी वेबसाइट व ऐप 70 भाषाओं में उपलब्ध हैं।





