नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । राजस्थान के भरतपुर में एक कार मालिक ने शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और हुंडई कार एजेंसी के छह अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। मामला खराब तकनीकी वाली कार बेचने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि वाहन में गंभीर खामियां थीं, लेकिन उन्हें इसके बारे में पहले जानकारी नहीं दी गई।
मथुरा गेट थाना क्षेत्र के अनिरुद्ध नगर निवासी 50 वर्षीय कीर्ति सिंह ने बताया कि उन्होंने 14 जून 2022 को हरियाणा के सोनीपत स्थित मालवा ऑटो सेल्स प्राइवेट लिमिटेड से हुंडई अल्काजार कार खरीदी थी। हालांकि, खरीद के तुरंत बाद ही कार में तकनीकी खराबी आने लगीं, ,जिससे उन्हें वाहन के सुरक्षित संचालन और गुणवत्ता पर संदेह होने लगा।
एजेंसी अधिकारियों से शिकायत, नही मानी मांग
कीर्ति सिंह ने एजेंसी अधिकारियों से कार बदलने या पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन उनकी इस मांग को नजरअंदाज किया गया। कई बार अनुरोध करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने अंततः कोर्ट का रुख किया। कोर्ट ने संबंधित मामले की सुनवाई करते हुए कंपनी के अधिकारी और कार के ब्रांड एंबेसडर पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया।
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण पर धोखाधड़ी का केस दर्ज
यह शिकायत 25 अगस्त को थाना मथुरा गेट में दर्ज कराई गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) 312, 318, 316, 61 और भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 406 और 120 बी के तहत दर्ज हुआ। शिकायत में कंपनी के अधिकारी एंसो किम, तरुण गर्ग, नितिन शर्मा, प्रियंका शर्मा सहित ब्रांड एंबेसडर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण का नाम शामिल है।
शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण पर क्यों दर्ज हुई FIR
दरअसल, हुंडई अल्काजार कार के ब्रांड एंबेसडर फिल्मी स्टार शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण थे। ऐसे में कानून की नजर में ब्रांड एंबेसडर सिर्फ विज्ञापन का चेहरा नहीं होते। अगर कोई व्यक्ति किसी उत्पाद का प्रचार करता है और उस उत्पाद में खराबी पाई जाती है, तो ब्रांड एंबेसडर की भी जवाबदेही बनती है। इसलिए कोर्ट ने इस मामले पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। फिलहाल, कार के एंबेसडर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।





