नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। मशहूर कोरियोग्राफर और डिजिटल क्रिएटर धनश्री वर्मा ने क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के साथ अपनी शादी और उससे जुड़ी परेशानियों पर पहली बार खुलकर बात की है। हाल ही में चल रहे रियलिटी शो ‘राइज़ एंड फॉल’ में धनश्री ने बताया कि कैसे शादी के बाद चहल में बदलाव आए और वह अपने पति को लेकर अब भी चिंतित रहती हैं।
धनश्री ने शो में अपने रिश्ते की शुरुआत को प्यार और अरेंज्ड दोनों का मिश्रण बताया। उन्होंने कहा, “यह रिश्ता अरेंज्ड था, क्योंकि चहल ने बिना डेटिंग के शादी करना चाहा था। मैं इस रिश्ते में तब आई जब मुझे उनका प्यार महसूस हुआ। हमने अगस्त में रोका किया और दिसंबर में शादी की। उस दौरान मैंने उनके व्यवहार में धीरे-धीरे बदलाव देखे। लोगों के बर्ताव में फर्क होता है जब वे कुछ पाना चाहते हैं और जब वह मिल जाता है।
धनश्री ने स्वीकार किया कि उन्होंने कई बार अपने रिश्ते को बचाने की कोशिश की और चहल पर भरोसा बनाए रखा, लेकिन अंत में सब कुछ खत्म हो गया। उन्होंने कहा, मैं लोगों को कई मौके देती हूं, लेकिन जब तक सब कुछ खत्म हो जाए, तब तक मैं कोशिश करती रहती हूं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी शादी में कोई तीसरा व्यक्ति था और क्या वे भविष्य में दोस्त बन सकते हैं, तो धनश्री ने कहा, यह बाद में बात करेंगे। मैं हमेशा उनकी फिक्र करती रहूंगी, यह भावना कभी खत्म नहीं होगी। इस दौरान धनश्री भावुक हो गईं।
धनश्री और युजवेंद्र चहल ने दिसंबर 2020 में गुड़गांव में शादी की थी। हालांकि, फरवरी 2025 में दोनों ने पारिवारिक कोर्ट में आपसी सहमति से तलाक की याचिका दायर की, और मार्च 2025 में उनका तलाक फाइनल हो गया। बताया गया कि वे 2022 से अलग रह रहे थे। तलाक के बाद चहल को दुबई में चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल के दौरान आरजे महवश के साथ देखा गया, जिससे नए रिश्ते की अटकलें लगीं, लेकिन दोनों ने इसे सिर्फ दोस्ती बताया है।
‘राइज़ एंड फॉल’ के मंच पर सच्चाई का खुलासा
धनश्री वर्तमान में अशनीर ग्रोवर के होस्ट किए जा रहे शो ‘राइज़ एंड फॉल’ का हिस्सा हैं। यह शो प्रतिभागियों को ‘रूलर्स’ और ‘वर्कर्स’ दो टीमों में बांटता है। ‘रूलर्स’ पेंटहाउस में आराम से रहते हैं और बड़े फैसले करते हैं, जबकि ‘वर्कर्स’ बेसमेंट में रहकर पुरस्कार राशि के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। इस खेल में असली मजा तब आता है जब शक्ति परिवर्तन होता है और कोई खिलाड़ी ऊपर उठता है या गिरता है। शो की इस अनोखी व्यवस्था ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा है। इस शो की खासियत इसके ‘पावर शिफ्ट’ फॉर्मेट में है, जहां प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागी ऊपर उठ सकते हैं या गिर सकते हैं। यह शो अमेज़न MX प्लेयर पर स्ट्रीम हो रहा है। धनश्री की कहानी ने इस शो को और भी दिलचस्प बना दिया है। उनके जज़्बात और संघर्ष को देखकर कई दर्शक उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।




