नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । तमन्ना, दस्तक और जोश जैसी फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर पर एक एक्ट्रेस ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। एक्ट्रेस का कहना है कि शरद ने उसे काम दिलाने के बहाने अपने घर पर बुलाया था, लेकिन वहां उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया गया।
जानकारी के अनुसार एक्ट्रेस ने 27 नवम्बर को खर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद पुलिस ने एक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले पर शरद कपूर की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
एक्ट्रेस ने दावा किया कि शरद ने फेसबुक के जरिए उनसे संपर्क किया। उन्होंने बताया कि शरद ने कहा कि वे उनके साथ शूटिंग के सिलसिले में कुछ बात करना चाहते हैं और ऐसे में उन्होंने उसे फोन पर लोकेशन भेजकर अपने खार स्थित ऑफिस में बुलाया। जो ऑफिस नहीं, बल्कि उनका घर था। जहां एक्ट्रेस को बाहों में भरने की कोशिश की और पीछे से गलत तरीके से पकड़ा। इस मामले में पुलिस ने शरद कपूर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (महिला के खिलाफ हमला या आपराधिक बल का उपयोग), 75 (यौन उत्पीड़न) और 79 (किसी भी महिला की गरिमा का अपमान) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
शरद कपूर के करियर की बात करें तो एक्टर शाहरुख खान के साथ फिल्म जोश में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वो गोविंदा के साथ क्योंकि मैं झूठ नहीं बोलता जैसी तमाम फिल्मों और 90 के दशक के पॉपुलर सीरियल स्वाभिमान में भी दिख चुके हैं।




