दंतेवाड़ा, 01 मार्च (हि.स.)। नक्सलियों के दक्षिण सब जोनल ब्यूरो ने रविवार शाम को एक प्रेस नोट जारी किया है। जारी प्रेस नोट में जवानों पर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि आत्मसमर्पित महिला नक्सली सीएनएन सदस्य पांडे कावासी के आत्महत्या मामले में जांच होनी चाहिए। इसके लिए मानवाधिकार संगठन और आदिवासी संगठन की सयुंक्त टीम होनी चाहिए। वहीं, जांच टीम के सामने दोबारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए। इसके साथ ही रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है। नक्सलियों द्वारा जारी प्रेस नोट में लोन वर्राटू और ऑपरेशन प्रहार को बंद करने की मांग करते हुए दंतेवाड़ा एसपी को निलंबित करने की मांग की है। वहीं, महिला नक्सली को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उल्लेखनीय है कि लोन वर्राटू अभियान के तहत 19 फरवरी को नक्सलियों के सीएनएन सदस्य पांडे कावासी निवासी ग्राम गुड़से ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। आत्मसमर्पित महिला नक्सली पांडे कावासी ने बाथरूम में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्याकर लिया था। हिन्दुस्थान समाचार/राकेश




