नई दिल्ली, 01 मई (हि.स.) । दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत विहार इलाके में शनिवार तड़के एक बेलगाम कार ने पिकेट पर तैनात सिपाही को होंडा सीआरवी गाड़ी से उड़ा दिया। आरोपी कार चालक सिपाही और सड़क किनारे खड़ी उसकी बाइक को लेकर पिकेट पर लगे टेंट में घुस गया। करीब 40 मीटर दूर जाकर किसी तरह गाड़ी रुकी तो कार व बाइक के परखच्चे उड़ चुके थे। सिपाही को तुरंत बाकी स्टाफ एम्स अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मुंशीलाल (57) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपित कार चालक सुमित यादव (42) को मौके से ही दबोच लिया। सुमित की पत्नी कोविड पॉजिटिव है, वह पत्नी को देखकर तड़के गुरुग्राम के मैक्स अस्पताल से मुनिरका स्थित अपने घर लौट रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि हादसे के समय सुमित की आंख लग गई और हादसा हो गया। वसंत विहार थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह ने बताया कि मूलरूप से अलवर, राजस्थान का रहने वाला मुंशीलाल वसंत विहार इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी विमला देवी, बेटा शक्ति सिंह, दो शादीशुदा बेटियां अनीता और पूनम हैं। शक्ति गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करता है। सेना से रिटायर होने के बाद मुंशीलाल ने दिल्ली पुलिस में अपनी सेवा शुरू की थी। फिलहाल वह अगस्त 2020 से वसंत विहार थाने में तैनात थे। लॉक डाउन के दौरान उनकी ड्यूटी वसंत विहार इलाके में अल-कौसर पिकेट पर चल रही थी। शनिवार तड़के वह बाकी स्टाफ के साथ पिकेट पर मौजूद थे। इस बीच करीब चार बजे आरोपी सुमित यादव अपनी सफेद रंग की होंडा सीआरवी गाड़ी से वहां पहुंचा। उस समय मुंशीलाल पिकेट के पास लगे पुलिस के टेंट की साइड में कुर्सी पर बैठे थे। कुर्सी और टेंट के बीच में मुंशीलाल की बाइक भी खड़ी थी। तभी गुरुग्राम की ओर से आए आरोपी सुमित ने पहले मुंशीलाल को टक्कर मारी। इसके बाद वह मुंशीलाल, उनकी बाइक को लेकर पिकेट पर लगे टेंट में घुस गया। आरोपी करीब 40 मीटर दूर तक मुंशीलाल को घसीटकर ले गया। बाकी स्टाफ ने मौके से ही आरोपी को काबू कर लिया। फौरन घायल मुंशीलाल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस एहतियात के तौर पर आरोपी को पहनाई पीपीई किट… आईआईटी सेक्टर में ऊंचे पद पर काम करने वाला सुमित यादव परिवार के साथ मुनिरका इलाके में रहता है। पिछले कुछ दिनों से सुमित की पत्नी कोविड से बीमार है। उसका मैक्स अस्पताल, गुरुग्राम में इलाज चल रहा है। शनिवार तड़के आरोपी अस्पताल से ही लौट रहा था। रात भर जागने की वजह से शायद उसकी आंख लगी और हादसा हो गया। पुलिस अधिकारियों का लब पता चला कि आरोपी की पत्नी कोविड पॉजिटिव है तो एहतियात के तौर पर पुलिस ने आरोपी को पीपीई किट मंगवाकर पहनवा दी। उसका टेस्ट भी करवाया गया है। आरोपी को थाने में भी अलग कमरे में रखा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




