जयपुर,28 फरवरी(हि.स.)।आदर्श नगर थाना पुलिस ने बदमाश द्वारा राहगीरों से लूटी गई सोने की चेनों को खरीदने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बताया गिरफ्तार आरोपी प्रवीण उर्फ़ सोनू (21) और राहुल उर्फ़ मोनू (26) जय विहार कॉलोनी, जयसिंहपुरा खोर के रहने वाले है और आपस में दोनों सगे भाई है। पुलिस ने पूर्व में इलाके स्थित राजापार्क से महिला की चेन लूटने के मामले में आरोपी नौशाद उर्फ़ चाँदीका को गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में सोने की चेन प्रवीण और राहुल को बेचना कबूल किया था। इसके बाद से ही दोनों भाइयों पर नजर रखी जा रही थी। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। सूने मकान से नकदी सहित जेवरात चुराने वाले तीन युवक गिरफ्तार इधर जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने एक सप्ताह पहले इलाके में रहने वाले दीपक कुमार देवतवाल के सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से काफी मात्रा में चुराई गई नकदी व आभूषण बरामद कर लिए हैं। बाकी और बरामदगी के प्रयास जारी हैं। आरोपितों से पूछताछ जारी है पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) अभिजीत सिंह ने बताया कि आरोपित अमित लोनवाल (20) मनोहरपुरा कच्ची बस्ती जगतपुरा, शाहरुख खान (19) निवासी मानटाउन जिला सवाई माधोपुर और भरत धानका (19) निवासी शिवदासपुरा को गिरफ्तार हैं। इनकी निशानदेही पर चुराए गए करीब 4 किलोग्राम चांदी के जेवरात, एक मंगलसूत्र व 53,760 रुपये बरामद किए जा चुके हैं। शेष बरामदगी के प्रयास जारी हैं। इन लोगों ने पूछताछ में आधा दर्जन से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूला है। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/संदीप




