नगांव (असम), 27 जून (हि.स.)। नगांव जिला के बटद्रवा इलाके से पुलिस ने अवैध रूप से लकड़ी लेकर जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है। साथ ही ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि रविवार की सुबह बटद्रवा पुलिस की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया । दो ट्रकों में अवैध तरीके से लकड़ी की तस्करी की खबर मिलते ही पुलिस ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। जबकि, दूसरे ट्रक (एमएल-05एस-0266) को पुलिस ने जब्त कर लिया। ट्रक में अवैध तरीके से लकड़ी को मेघालय से नगांव जिला के धिंग थानांतर्गत डूमडूमिया ले जाया जा रहा था। पुलिस इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर ने बताया है कि डूमदूमिया के लकड़ी व्यापारी अब्दुल्ला ने मंगवाया था। अब्दुल्ला सूत्रों ने बताया है कि अब्दुल्ला का गैंग लंबे समय से अवैध तरीके से मेघालय से लकड़ी ला रहा था। हिन्दुस्थान समाचार /असरार/अरविंद




