प्रयागराज, 25 मार्च (हि.स.)। खुल्दाबाद थाने की पुलिस ने गुरुवार शाम चोरी की 16 मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह में सक्रिय एक सदस्य की तलाश जारी है। चोरी करने वालों में एक मोटरसाइकिल मैकेनिक है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि खुल्दाबाद के सराय मण्डी निवासी शाहिद उर्फ नाजिर मोटर साइकिल मैकेनिक है। यह चोरी की बाइक के पार्ट एवं मोटर साइकिल बेचने का काम करता है और फरार सूफियान उर्फ निजामुल फर्जी कागजात तैयार करता है। नैनी कोतवाली क्षेत्र के लोकपुर करबला निवासी आशु उर्फ आशिफ और आसिफ सप्ताह में छह दिन चप्पल बेचते हैं और छुट्टी के दिन मोटर साइकिल चोरी करके दुकान पर दे देते थे, जहां तीस मिनट में मोटर साइकिल खुल करके विभिन्न स्थानों पर छुपा दी जाती थी। फर्जी कागजात तैयार करने के बाद उसे बेचने काम शाहिद और सूफियान करते थे। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर




