मेरठ, 30 मार्च (हि.स.)। दौराला थाना क्षेत्र में एक ऑटो चालक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। सड़क किनारे शव के पास ही तमंचा और कारतूस भी पड़े मिलें। बरामद हुए। पुलिस जहां घटना को खुदकुशी बता रही है। परिजनों ने अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। वलीदपुर निवासी रवि ऑटो चलाता था। सोमवार की रात ग्रामीणों ने वलीदपुर गांव के निकट कच्ची सड़क पर रवि का खून से लथपथ शव पड़ा देखा। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच-पड़ताल की। रवि के सीने में गोली लगी थी। वहीं लाश के पास ही एक तमंचा व कारतूस का खाली खोखा भी बरामद हुइ। घटनास्थल पर खड़े मृतक के ऑटो से चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। इसी दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर दौराला किरण पाल सिंह ने बताया पूछताछ के दौरान जानकारी मिली है कि युवक ने दो साल पहले अपने ही गांव की रहने वाली दूसरी जाति की पहले से शादीशुदा एक युवती के साथ लव मैरिज की थी। वर्तमान समय में दंपति के एक बच्ची भी है। मगर युवक और उसकी पत्नी के बीच अक्सर अनबन रहती थी। जिसके चलते रवि की पत्नी आए-दिन अपने मायके में ही रहती थी। पुलिस के मुताबिक घटना को खुदकुशी बताया जा रहा है। अभी मृतक के परिजनों ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप




