– बिंदकी व बकेवर थाना क्षेत्र के साथ अन्य जनपदों में भी चोरी की वारदातों को देते थे अंजाम फतेहपुर, 18 जून (हि.स.)। जिले में शुक्रवार को पुलिस ने एक अंतर जनपदीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को दौड़ाकर पकड़ कर आधा दर्जन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। जिनके पास से चोरी किए गए नगदी गहने, चोरी करने के औजार व तमंचा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस को आज जानकारी मिली कि बिन्दकी कोतवाली के खजुहा रोड नहर पुल के पास कुछ बदमाश वारदात करने की तलाश में खड़े हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र श्रीवास्तव, कस्बा इंचार्ज रितेश कुमार राय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम को देखते ही चोर गिरोह के बदमाश भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने चोर गिरोह के दो सदस्यों को दौड़ा कर दबोच लिया। पुलिस ने तलाशी में दोनों के पास से चोरी के साढ़े ग्यारह हजार रुपये नकदी, चांदी के गहने, एक तमंचा कारतूस सहित बरामद किया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की तो उनमें से एक ने अपना नाम शत्रुघ्न पटेल पुत्र प्रकाश पटेल निवासी इसेपुर थाना बकेवर तथा दूसरे ने अपना नाम लाला राम पुत्र चरण दास निवासी टिकमापुर थाना सजेती जनपद कानपुर बताया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर भेज दिया है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बिंदकी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाश अंतर जनपदीय गिरोह के सदस्य और बिंदकी कस्बे के ललौली रोड नई कॉलोनी मोहल्ले में 28 मार्च 2021 को हर्षित गुप्ता पुत्र रामबाबू गुप्ता के सूने घर से ताला तोड़कर चोरी की थी इसके अलावा बकेवर क्षेत्र में भी दोनों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दोनों चोर कानपुर नगर तथा कानपुर देहात सहित कई आसपास के जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को नगदी जेवरात और तमंचे के साथ पकड़ा गया है। हिन्दुस्थान समाचार/देवेन्द्र




