जोधपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। देवनगर थानान्तर्गत लाल पुलिया के नीचे सूखे नाले में शुक्रवार दिन में एक नर कंकाल मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची देवनगर थाना पुलिस ने उसे एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने के साथ ही मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए है। देवनगर थानाप्रभारी सोमकरण ने बताया है कि आज दोपहर करीब ढाई बजे सूचना मिली थी कि चौपासनी रोड पर लाल पुलिया के नीचे एक सूखे नाले में किसी अज्ञात व्यक्ति का कंकाल रूपी शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की बारीकी से जांच की। बाद में नर कंकाल को एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्तगी के प्रयास शुरू किए गए है। दो से तीन माह पुराना है शव: देवनगर थानाप्रभारी सोमकरण ने बताया है कि आज दोपहर में सूखे नाले में मिला कंकाल रूपी शव पुरुष का है, जिसकी उम्र करीब 50 वर्ष के पास है। मृतक के काले रंग की जींस व कबूतरी कलर का जैकेट पहना हुआ है। शव दो से तीन माह पुराना होने के चलते कंकाल में तब्दील हो गया है। हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप




