जयपुर, 23 मई (हि.स.)। सिरोही जिले की रीको व सदर थाना पुलिस ने क्षेत्र में लूट व चोरी की घटना में आतंक का पर्याय बने गैंग के सरगना सहित उसके तीन साथियों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार कर लिया। अब तक गैंग के आठ जनों को हिरासत में लिया जा चुका है। इस गैंग में शामिल अन्य सदस्यों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपित थाना रीको व सदर क्षेत्र के रहने वाले है। पुलिस अधीक्षक सिरोह हिम्मत अभिलाष ने बताया कि दो मई को दो बाईक पर आये आठ बदमाशो ने सियावा बस स्टैंड स्थित एक ई-मित्र संचालक के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल लूट लिया और पैसे नही मिलने पर पत्थरबाजी की। उसके बाद रात को थाना आबूरोड सदर क्षेत्र में फारेस्ट चौकी देलदर पर वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उनकी बाईक लूटकर ले गये। इस घटना को गम्भीरता से लेते हुए वृताधिकारी आबूपर्वत प्रवीण कुमार के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी रीको राण सिंह थानाधिकारी सदर देवी सिंहके नेतृत्व में टीमें गठित की गई। उन्होंने बताया कि गठित टीम ने 13 मई को चार आरोपित बसंत कुमार गरासिया (21), प्रभूराम गरासिया (21), मानाराम गरासिया (20) तथा नाथू उर्फ नाथिया गरासिया (22) को चोरी की पांच बाईक के साथ हिरासत में लिया था। जिनसे पूछताछ के बाद गैंग के मुखिया गोवा राम को देशी रिवाल्वर व तीन अन्य रमेश कुमार (29), दिनेश कुमार (20) तथा धर्माराम (21) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों से पूछताछ में सामने आया कि आबूरोड़ रीको, शहर, सदर, अम्बाजी तथा अमीरगढ गुजरात थाना हल्का क्षैत्रों में करीब 26 लूट व चोरी की वारदातें करना स्वीकार की हैं। हिन्दुस्थान समाचार/दिनेश/ ईश्वर




