बेतिया, 31 मई (हि.स.)। चनपटिया कैथवलिया-लौरिया रोड में सोमवार की दोपहर हथियारबंद अपराधियों ने समस्ता फाइनेंस के कर्मी मनीष कुमार से रुपयों भरा बैग, सेलफोन, टैब व पर्स लूट लिया है। घटना कैथवलिया- लौरिया पथ के सिहोरवा टोला गांव के समीप की है । घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते फरार हो गए। घटना की सूचना पर चनपटिया पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बाइक सवार अपराधियों की संख्या तीन बताई जा रही है। वे बिना नंबर प्लेट के अपाची बाइक पर सवार थे। सूत्रों के अनुसार फाइनेंस कंपनी का कर्मी मनीष कुमार लौरिया से कैश कलेक्शन कर बाइक से चनपटिया आ रहा था। जैसे ही सिहोरवा टोला गांव के समीप पहुंचा, पीछे से बिना नंबर प्लेट की अपाची बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और जबरन उसकी बाइक को रुकवा दिया । बाइक रुकते ही अपराधियो ने हथियार के बल पर कर्मी को कब्जे में ले लिया। उसके बाइक की स्टेरिंग लॉक कर चाबी छीन ली और उसकी पिटाई करने लगे। पिटाई के बाद अप्राडियो ने बैग, सेलफोन, टैब और पर्स छीन लिया और फरार हो गए। बैग में करीब 18 हजार रुपये थे। बदमाशों के भागने के बाद कर्मी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। समस्ता फाइनेंस कंपनी चनपटिया थाना के पीछे के मोहल्ले में है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि सूचना पर गश्ती गाड़ी को भेज गया था । मामले में अभी तक कोई आवेदन नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक




