कोलकाता, 28 मई (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के सीमाई इलाके से दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के अंतर्गत सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने एक तस्कर को 2.4 किलो चांदी के आभूषण के साथ धर दबोचा। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये है। इन सभी चांदी के आभूषणों को उत्तर 24 परगना जिले की सीमा चौकी हाकिमपुर क्षेत्र से तस्करी के माध्यम से बांग्लादेश ले जाया जा रहा था। सीमा चौकी हाकिमपुर, 112वीं वाहिनी, सेक्टर कोलकाता के जवान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक हाकिमपुर चेक पोस्ट पर दैनिक ड्यूटी के दौरान तलाशी अभियान पर थे। जवानों ने एक संदिग्ध साइकिल सवार को आते देखा जो कि स्वारूपदा की तरफ से हाकिमपुर गांव की तरफ जा रहा था। जब ड्यूटी जवानों ने उसे तलाशी के लिए रोकना चाहा तो अचानक ही साइकिल सवार वापस स्वारूपदा की तरफ भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन ड्यूटी पर मुस्तैद जवानों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। जब साइकिल सवार की तलाशी ली गई तो 2.4 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। उसका नाम अहमद अली शाहजी है। वह स्वरूपनगर थाना अंतर्गत हाकीमपुर गांव का रहने वाला है। तस्कर तथा जब्त चांदी के आभूषणों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए कस्टम कार्यालय तेन्तुलिया को सौंप दिया गया। सीमा पर तस्कर महिलाओं और वृद्ध लोगों को बना रहे हैं मोहरा 112वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर अरूण कुमार ने अपने जवानों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि उनके इलाके में तस्कर नित नए तरीके अपना कर तस्करी का प्रयास करते हैं। तस्कर महिला और वृद्ध लोगों को भी लालच देकर अपने जाल में फांस लेते हैं और उन्हें मोहरा बनाकर तस्करी को अंजाम देते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा




