नई दिल्ली , 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी जिले के राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने देह व्यापार की सरगना सोनू पंजाबन के भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपित वाहन चोरी के एक मामले में भगोड़ा करार था। पुलिस ने बुधवार रात उसे करावल नगर से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसपर 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उपायुक्त उर्विजा गोयल ने गुरुवार को बताया कि आरोपित की पहचान ज्योति कालोनी शाहदरा निवासी संजय भाटिया के लिए रूप में हुई है। इन दिनों तमाम थाना पुलिस को भगोड़ा बदमाशों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। संजय को दो साल पहले कोर्ट ने वाहन चोरी के मामले में भगोड़ा करार दिया था। राजौरी गार्डन थाने के एसएचओ अनिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने निगरानी रखनी शुरू की। पुलिस को पता चला कि संजय करावल नगर में देहव्यापार के धंधे में दलाली का काम कर रहा है। पुलिस टीम ने बुधवार देर रात वहां छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। देहव्यापार के मामले में उसकी बहन सोनू पंजाबन तिहाड़ जेल में बंद है। हिन्दुस्थान समाचार/अश्वनी




