नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । आधार कार्ड धारकों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI ) ने 2025 में आधार से जुड़े अहम बदलावों की घोषणा की है, जो देशभर के एक अरब से ज्यादा लोगों को प्रभावित करेंगे। इन बदलावों से पहचान प्रक्रिया में सुधार और सेवाओं की सुविधा बढ़ाने की उम्मीद है।
आधार अपडेट करने पर UIDAI के बड़े बदलाव
UIDAI ने 1 अक्टूबर 2025 से आधार अपडेट की फीस बढ़ा दी है। अब नाम, पता, जन्मतिथि या मोबाइल नंबर बदलने पर ₹75 देने होंगे (पहले ₹50), जबकि बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आइरिस, फोटो) के लिए ₹125 शुल्क लगेगा।
UIDAI ने बताया कि नई फीस दरें 2028 तक लागू रहेंगी। सर्विस क्वालिटी और तकनीकी सुधार पर होने वाले खर्च को देखते हुए ही नाम, पता, मोबाइल या बायोमेट्रिक अपडेट के शुल्क में यह बढ़ोतरी की गई है।
7 से 15 साल के बच्चों के लिए राहत
UIDAI ने 7 से 15 साल के बच्चों के लिए राहत दी है। अब इस उम्र के बच्चों के फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन अपडेट पूरी तरह मुफ्त होंगे। अधिकारियों का कहना है कि, बच्चों के चेहरे और फिंगरप्रिंट बदलते रहते हैं, इसलिए यह अपडेट जरूरी है, और स्कूलों को प्रक्रिया में मदद करने को कहा गया है।
दस्तावेज़ों की नई सूची भी जारी
जुलाई 2025 में UIDAI ने आधार अपडेट और नए एनरोलमेंट के लिए दस्तावेज़ों की नई सूची जारी की है। अब सभी भारतीय नागरिक, एनआरआई, ओसीआई कार्डधारक और हिंदू अविभाजित परिवार (HUFs) के लिए एक समान नियम लागू होंगे। UIDAI ने स्पष्ट किया है कि हर व्यक्ति का केवल एक ही आधार नंबर हो सकता है, डुप्लिकेट पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
फ्री अपडेट की सुविधा खत्म, अब लगेगी फीस
UIDAI ने पहले 14 जून 2025 तक फ्री ऑनलाइन अपडेट की सुविधा दी थी, लेकिन अब यह समय सीमा समाप्त हो चुकी है। अब किसी भी अपडेट के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि भविष्य में सीमित समय के लिए फ्री अपडेट सुविधा फिर से उपलब्ध हो सकती है, इसलिए UIDAI की वेबसाइट पर नजर रखना जरूरी है।
नया डिजिटल अपडेट सिस्टम लॉन्च
1 नवंबर 2025 से UIDAI नया डिजिटल अपडेट सिस्टम लॉन्च करेगा। इसके तहत आधार कार्डधारक नाम, पता, जन्मतिथि, जेंडर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी पूरी तरह ऑनलाइन अपडेट कर सकेंगे। नई प्रणाली में सरकारी डेटाबेस के जरिए ऑटोमेटिक वेरिफिकेशन होगा, इसलिए डॉक्यूमेंट अपलोड या आधार सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं रहेगी।
ग्रामीण इलाकें को होगा बड़ा फायदा
UIDAI का यह कदम खासकर गांवों और छोटे शहरों के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद होगा, जहां पहले आधार अपडेट के लिए लंबी लाइनों में इंतजार करना पड़ता था। अब myAadhaar पोर्टल या UIDAI ऐप से घर बैठे OTP वेरिफिकेशन के जरिए अपडेट किया जा सकेगा। हालांकि, बायोमेट्रिक अपडेट के लिए अभी भी सेवा केंद्र जाना आवश्यक रहेगा।





