नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सोशल मीडिया की दुनिया में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लोकप्रिय ऐप Snapchat ने अपने एक अहम फीचर Memories को लेकर नई पॉलिसी का ऐलान किया है। अब तक यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त थी, लेकिन अब कंपनी इसे चरणबद्ध तरीके से पेड सेवा में तब्दील कर रही है।
कंपनी के मुताबिक, अब केवल 5GB तक का डेटा ही मुफ्त स्टोर किया जा सकेगा। यदि कोई यूजर इससे ज्यादा डेटा सेव करता है, तो उसे मासिक शुल्क चुकाना होगा। Snapchat का यह फीचर 2016 में शुरू हुआ था और अब तक यह सभी के लिए बिना किसी शुल्क के उपलब्ध था।यह बदलाव 2016 से मुफ्त मिल रही सुविधा को चरणबद्ध तरीके से सशुल्क करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
क्या है Snapchat Memories फीचर?
Snapchat का Memories फीचर यूजर्स को उनके द्वारा खींचे गए फोटो, वीडियो और स्टोरीज को क्लाउड में सेव करने की सुविधा देता है। यह एक तरह का डिजिटल एल्बम होता है, जिसमें यूजर अपने बीते लम्हों को लंबे समय तक सहेज सकते हैं। यह फीचर खासकर उन यूजर्स के लिए बेहद काम का होता है, जो अक्सर अपने स्नैप्स को फिर से देखने या दोबारा शेयर करने के लिए सेव रखते हैं।
अब क्या बदलेगा – जानिए नई पॉलिसी
Snapchat ने ऐलान किया है कि अब Memories फीचर के अंतर्गत सिर्फ 5GB तक का डेटा ही मुफ्त में सेव किया जा सकेगा। इसके बाद का स्टोरेज पेड सब्सक्रिप्शन प्लान्स के तहत आएगा।
टेकक्रंच की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने फिलहाल दो सब्सक्रिप्शन विकल्प दिए हैं
प्लान स्टोरेज कीमत (प्रति माह)
बेसिक 100GB $1.99 (लगभग ₹176)
प्रीमियम 250GB $3.99 (लगभग ₹354)
यह सेवा फिलहाल कुछ देशों में शुरू की गई है और धीरे-धीरे इसे अन्य देशों में भी लागू किया जाएगा।
पुराने यूजर्स को मिलेगी मोहलत
Snapchat ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन यूजर्स का डेटा पहले से 5GB से अधिक है, उन्हें 12 महीने का अस्थायी एक्सेस मिलेगा। इस दौरान वे अपना डेटा डाउनलोड कर सकते हैं या फिर सब्सक्रिप्शन लेकर अपनी स्टोरेज बढ़ा सकते हैं। कंपनी ने कहा है कि यूजर्स को मेल और इन-ऐप नोटिफिकेशन के माध्यम से इसकी जानकारी दी जाएगी।
यूजर्स ने जताई नाराजगी, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
Snapchat के इस फैसले पर यूजर्स की नाराजगी भी सामने आ रही है। ट्विटर (अब एक्स) और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने इसे “पैसों की लालच” वाला कदम बताया है। यूजर्स का कहना है कि वर्षों से जो सेवा मुफ्त दी जा रही थी, अब उसे अचानक पेड बना देना सही नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी लिखा कि इससे Snapchat की लोकप्रियता पर असर पड़ सकता है।
कंपनी की सफाई – जरूरी है यह बदलाव
Snap Inc. का कहना है कि यह कदम सेवा की गुणवत्ता बनाए रखने और ऑपरेशन कॉस्ट को संतुलित करने के लिए जरूरी है। कंपनी ने यह भी माना कि फ्री से पेड मॉडल में ट्रांजिशन आसान नहीं होता, लेकिन लंबे समय के लिए यह जरूरी बदलाव है।
विशेषज्ञों की राय – क्या यह ट्रेंड बनेगा?
टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में Snapchat का यह फैसला सोशल मीडिया इंडस्ट्री में एक ट्रेंड की शुरुआत कर सकता है। Google Photos और iCloud जैसे कई प्लेटफॉर्म पहले ही सीमित स्टोरेज के बाद पैसे वसूलते हैं। अब Snapchat जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स भी इसी राह पर बढ़ते दिख रहे हैं।





