नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। नए साल के दूसरे कारोबारी दिन भी भारतीय शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली। शुक्रवार सुबह बाजार ने पॉजिटिव नोट पर कारोबार की शुरुआत की। सुबह करीब 9:20 बजे NSE निफ्टी 50 25.50 अंक या 0.11% चढ़कर 26,172.35 पर कारोबार करता दिखा। BSE सेंसेक्स 104.95 अंक या 0.12% की बढ़त के साथ 85,293.55 के स्तर पर पहुंच गया।
ग्लोबल संकेतों का मिला सपोर्ट
GIFT निफ्टी और ग्लोबल मार्केट से मिले संकेतों के आधार पर बाजार के सपाट से हल्की तेजी के साथ खुलने की उम्मीद थी, जो सच साबित हुई। गुरुवार यानी साल के पहले कारोबारी दिन निफ्टी 50 17 अंक चढ़कर 26,147 पर बंद हुआ था। वहीं सेंसेक्स 32 अंक की मामूली गिरावट के साथ 85,189 पर बंद हुआ था।
आज किन शेयरों पर रहेगी नजर
आज के कारोबार में कुछ चुनिंदा शेयर निवेशकों के फोकस में रहने वाले हैं। इनमें टेलीकॉम, FMCG, ऑटो, डिफेंस और माइनिंग सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं। वोडाफोन आइडिया के शेयर आज चर्चा में हैं। कंपनी को अहमदाबाद GST कमिश्नर कार्यालय से 637 करोड़ रुपये का GST पेनल्टी ऑर्डर मिला है। यह आदेश CGST एक्ट, 2017 की धारा 74 के तहत जारी किया गया है, जिससे शेयर पर दबाव दिख सकता है। ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज को भी टैक्स से जुड़ा झटका लगा है। कंपनी पर 2018-19 से 2023-24 के बीच गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट लेने का आरोप है। इसके तहत कंपनी को 108.50 करोड़ रुपये टैक्स, उतनी ही पेनल्टी और लागू ब्याज चुकाना होगा। टीवीएस मोटर्स के लिए अच्छी खबर है। दिसंबर में कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा है। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E2W) बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 26% रही। दिसंबर में 25,039 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे गए, जो साल-दर-साल 44% ज्यादा है। यह कंपनी को E2W सेगमेंट में लीडर बनाता है।
Bharat Electronics (BEL)
नवरत्न डिफेंस कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स को 569 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डरों में कम्युनिकेशन इक्विपमेंट, मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स, फायर डिटेक्शन सिस्टम, स्पेयर पार्ट्स और सर्विस शामिल हैं। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि ये ऑर्डर किससे मिले हैं। सरकारी माइनिंग कंपनी NMDC का प्रोडक्शन दिसंबर में बढ़ा है। दिसंबर 2025 में 5.40 मिलियन टन उत्पादन हुआ। यह दिसंबर 2024 के मुकाबले 14.7% ज्यादा है। छत्तीसगढ़ और कर्नाटक दोनों राज्यों से कंपनी का उत्पादन मजबूत रहा।




