नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । मई का महीना अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और दो दिन बाद जून 2025 की शुरुआत होने जा रही है। हर महीने की तरह इस बार भी जून की पहली तारीख से कुछ बड़े बदलाव लागू होंगे, जिनका असर आम आदमी की दिनचर्या और बजट पर साफ दिखाई देगा। एक ओर जहां रसोई में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है, वहीं दूसरी ओर क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में भी संशोधन हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे 5 बड़े बदलावों के बारे में जो 1 जून से लागू होंगे और जिनका प्रभाव सीधे आपकी जेब और घर पर पड़ेगा।
पहला बदलाव : LPG सिलेंडर की कीमतें
हर महीने की पहली तारीख को लोग एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में संभावित बदलाव पर नजर टिकाए रहते हैं। इसी तरह जून की शुरुआत में भी कीमतों में फेरबदल देखने को मिल सकता है। मई महीने की पहली तारीख को जहां ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया था, वहीं 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 17 रुपये प्रति सिलेंडर की कमी की गई थी।
दूसरा बदलाव : CNG, PNG और एटीएफ की कीमतें
1 जून 2025 से होने वाला दूसरा बदलाव हवाई यात्रियों के लिए राहत भरा भी हो सकता है और मुश्किलें बढ़ाने वाला भी। दरअसल, तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी के साथ-साथ एयर टरबाइन फ्यूल (ATF) की दरों में भी संशोधन करती हैं। मई में एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई थी और अब जून में भी इसमें बदलाव की संभावना जताई जा रही है। इसके अतिरिक्त, सीएनजी और पीएनजी के दामों में भी बदलाव करते हुए नई दरें घोषित की जा सकती हैं।
तीसरा बदलाव : क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में संशोधन
1 जून से लागू होने वाला तीसरा अहम बदलाव क्रेडिट कार्ड धारकों, खासकर कोटक महिंद्रा बैंक के ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण है। यदि आप इस बैंक का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो आपको एक बड़ा झटका लग सकता है। दरअसल, सबसे बड़ा बदलाव ऑटो डेबिट लेनदेन से जुड़ा है। अगर किसी ग्राहक का ऑटो डेबिट ट्रांजैक्शन फेल हो जाता है, तो बैंक द्वारा 2% का बाउंस चार्ज लगाया जा सकता है। यह शुल्क न्यूनतम 450 रुपये और अधिकतम 5000 रुपये तक हो सकता है। बैंक की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 1 जून से अधिकांश क्रेडिट कार्ड पर मासिक फाइनेंस चार्ज में बढ़ोतरी की जा सकती है। वर्तमान में यह दर 3.50 प्रतिशत (वार्षिक 42%) है, जिसे बढ़ाकर 3.75 प्रतिशत (वार्षिक 45%) तक किया जा सकता है।
चौथा बदलाव : EPFO 3.0 की शुरुआत
सरकार 1 जून से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) का नया संस्करण, EPFO 3.0 लॉन्च कर सकती है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इसके संभावित लाभ और बदलावों की जानकारी साझा की थी। इस नए वर्जन के लागू होने से देशभर के 9 करोड़ से ज्यादा सदस्य एटीएम के माध्यम से अपने पीएफ खाते से धन निकासी की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
पांचवां बदलाव : Aadhaar अपडेट की मुफ्त सुविधा होगी समाप्त
जून महीने में होने वाला अगला बड़ा बदलाव आधार कार्ड (Aadhaar Card) से जुड़ा है। हालांकि यह बदलाव 1 जून से नहीं, बल्कि 14 जून के बाद लागू होगा। UIDAI ने अभी तक आधार धारकों को मुफ्त में आधार विवरण अपडेट करने की सुविधा दी हुई है, जिसकी अंतिम तारीख 14 जून तय की गई है। अगर इस तारीख तक आपने आधार अपडेट नहीं कराया, तो उसके बाद आपको हर अपडेट के लिए 50 रुपये का शुल्क देना होगा।




