नई दिल्ली, रफ्तार। देश भर में भारी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है। वहीं, उनकी जेब पर बोझ बढ़ा दिया है। बारिश के बाद टमाटर के भाव बढ़ने लगे हैं। इकोनॉमिक्स टाइम्स के अनुसार टमाटर की खुदरा कीमतें कुछ दिनों में तेजी से बढ़ी हैं। यह 80 रुपए किलो तक पहुंच गई है। दरअसल, बारिश की वजह से टमाटर की आपूर्ति में रुकावट आ रही। इससे खुदरा बाजारों मेंटमाटर 80 रुपए किलो बिक रहा है।
सरकारी आंकड़ों में भाव
सरकारी आंकड़ों में टमाटर के भाव ज्यादा नहीं बढ़े हैं। उपभोक्ता मंत्रालय के अनुसार टमाटर की दैनिक औसत खुदरा कीमतें 3 जुलाई को 55 रुपए प्रति किलो थीं। यह एक महीने पहले 35 रुपए किलो थी। बता दें, बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में कई सड़कें टूटी हैं। सड़कों का नेटवर्क खराब होने के कारण कई खुदरा बाजारों तक टमाटर की आपूर्ति रुकी है। उससे भाव चढ़ा रहा है।
7 जुलाई तक भारी बारिश के आसार
देश में टमाटर का उत्पादन करने वाले प्रमुख राज्यों में एक हिमाचल प्रदेश है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में 7 जुलाई तक भारी बारिश के आसार हैं। पर्वतीय राज्य में भारी बारिश की वजह से भूस्खलन की आशंकाएं भी हैं। उससे सड़क नेटवर्क और यातायात पर असर पड़ेगा। इतना ही नहीं भारी बारिश से टमाटर की फसल को नुकसान हो सकता है। यानी आगामी दिनों में टमाटर के भाव और बढ़ सकते हैं।
पिछले साल इतना चढ़ा था भाव
आम तौर पर हर साल बारिश के सीजन में टमाटर की कीमतों में तेजी आती है। पिछले साल स्थिति कुछ ज्यादा खराब हो गई थी। टमाटर के भाव 350 रुपए किलो तक पहुंचा था। तब सरकार ने सहकारी एजेंसियों की मदद से कई शहरों में रियायती दर पर टमाटर बेचवाया था।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें –www.raftaar.in




