नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। होली और रमजान के त्योहार से पहले आम जनता को महंगाई का झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मार्च 2025 से कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत अब 6 रुपये बढ़ गई है।
कहां कितनी बढ़ी कीमतें?
तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार देश के प्रमुख शहरों में 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम इस प्रकार हो गए हैं दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम 1797 रुपये से बढ़ाकर 1803 रुपये कर दिया गया है. कोलकाता में 1907 रुपये से बढ़कर नई कीमत 1913 रुपये हो गई है। मुंबई में 1749.50 रुपये से बढ़कर कमर्शियल LPG सिलेंडर की नई कीमत 1755.50 रुपये हो गई है. चेन्नई में 1959 रुपये से बढ़कर अब 1965 रुपये में कमर्शियल LPG सिलेंडर गैस मिलेगा। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं इस बार सिर्फ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है।
रेस्टोरेंट में खाने पर पड़ेगा असर
कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग ज्यादातर होटलों, रेस्टोरेंट और बड़े व्यवसायों में किया जाता है। ऐसे में इस बढ़ोतरी का असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर पड़ सकता है। होटलों और ढाबों में खाने के दाम बढ़ सकते हैं। मार्च के महीने में होली (25 मार्च) और ईद जैसे बड़े त्योहार हैं। साथ ही रमजान का महीना भी 2 मार्च से शुरू हो रहा है। ऐसे में महंगाई बढ़ने से आम जनता की जेब पर असर पड़ सकता है। सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। अब देखना होगा कि अगले महीने दामों में कोई राहत मिलती है या फिर महंगाई और बढ़ती है।





