नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसकी पैरेंट कंपनी Meta एक नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मॉडल टेस्ट कर रही है। ‘Instagram Plus’ नाम का यह फीचर फिलहाल चुनिंदा देशों में ट्रायल पर है और इसमें कई एडवांस फीचर्स दिए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सब्सक्रिप्शन यूजर्स को स्टोरी और ऑडियंस कंट्रोल से जुड़े कई नए ऑप्शन देगा, जो फ्री वर्जन में उपलब्ध नहीं हैं। इस नए बदलाव के बाद आपका इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने का एक्सपीरिएंस और अच्छा हो जाएगा।
स्टोरी फीचर्स में बड़ा बदलाव, मिलेगा ज्यादा कंट्रोल
Instagram Plus सब्सक्रिप्शन लेने के बाद यूजर्स स्टोरी को बिना दिखे (अनोनिमस) देख सकेंगे, यानी सामने वाले को पता नहीं चलेगा कि किसने स्टोरी देखी। इसके अलावा यूजर्स यह भी जान सकेंगे कि उनकी स्टोरी को कितनी बार दोबारा देखा गया है जो कि अपने आप में एक दिलचस्प एक्सपीरिएंस होने वाला है।
इतना ही नहीं, स्टोरी की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है। जहां सामान्य तौर पर स्टोरी 24 घंटे में गायब हो जाती है, वहीं प्रीमियम यूजर्स इसे 48 घंटे तक दिखा सकेंगे। साथ ही, स्टोरी को हफ्ते में एक बार ‘स्पॉटलाइट’ कर उसे सबसे ऊपर दिखाने का विकल्प भी मिलेगा।
Instagram Plus में मिलेगी एडवांस ऑडियंस और नए एक्सक्लूसिव फीचर्स
इस सब्सक्रिप्शन के जरिए यूजर्स कई कस्टम ऑडियंस लिस्ट बना सकेंगे, जिससे वे अलग-अलग लोगों को अलग स्टोरी दिखा पाएंगे। इसके अलावा “Superlike” जैसे एनिमेटेड रिएक्शन और स्टोरी व्यूअर्स को सर्च करने का फीचर भी दिया जाएगा।
फिलहाल यह फीचर मेक्सिको, जापान और फिलीपींस जैसे देशों में टेस्ट हो रहा है, जहां इसकी कीमत करीब 1 से 2 डॉलर प्रति माह बताई जा रही है। कंपनी अभी इसके ग्लोबल रोलआउट पर काम कर रही है।




