नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बीते कुछ दिनों से सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है और अब दूसरी बार इसका भाव एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया है। मंगलवार, 22 जुलाई को 24 कैरेट सोना 1,01,290 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोना 92,850 रुपये प्रति 10 ग्राम, और 18 कैरेट सोना 75,970 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बिक रहा है। हर दौर की महंगाई में सोने ने खुद को सबसे भरोसेमंद निवेश विकल्प के रूप में साबित किया है। यही कारण है कि समय के साथ निवेशकों का रुझान सोने की ओर लगातार बढ़ता जा रहा है।
जानें आज आपके शहर में सोने के क्या हैं ताजा रेट
आइए नजर डालते हैं कि 22 जुलाई 2025 को दिल्ली और मुंबई में सोने की कीमतें कैसी रहीं :-
दिल्ली में सोने की दरें : राष्ट्रीय राजधानी में आज 18 कैरेट सोना 76,090 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि बीते दिन इसका भाव 75,240 रुपये था। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत आज 93,000 रुपये है, जो कि कल 91,950 रुपये थी। 24 कैरेट सोना आज 1,01,440 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है, जो कल 1,00,300 रुपये था।
मुंबई में सोने के भाव : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आज 22 कैरेट सोना 92,850 रुपये में बिक रहा है, जो पिछले दिन 91,800 रुपये था। वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत आज 1,01,290 रुपये है, जबकि कल यह 1,00,150 रुपये पर थी। 18 कैरेट सोना भी आज बढ़कर 75,970 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जो कि कल 75,110 रुपये था।
सोने की कीमत कैसे तय होती है?
हर दिन सोना और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जाता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये दरें तय कैसे होती हैं? दरअसल, इनकी कीमतों को कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारक प्रभावित करते हैं। सबसे अहम हैं- अंतरराष्ट्रीय विनिमय दरें, डॉलर की कीमतों में बदलाव, सीमा शुल्क (Import Duty) और वैश्विक बाजार की अस्थिरता । जब वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बढ़ती है, तब निवेशक स्टॉक मार्केट जैसे जोखिम भरे विकल्पों से हटकर सोने जैसे सुरक्षित निवेश की ओर रुख करते हैं। इस कारण मांग बढ़ती है और सोने की कीमत ऊपर चली जाती है।
गौरतलब है कि भारत में सोना केवल एक निवेश नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण धातु है। विवाह, त्योहार और धार्मिक अवसरों पर सोने का उपयोग शुभ माना जाता है। एक परिवार के पास सोना होना उसकी संपन्नता और स्थिरता का प्रतीक भी माना जाता है। महंगाई के हर दौर में सोने ने बेहतर रिटर्न देकर खुद को एक भरोसेमंद संपत्ति के रूप में साबित किया है। इसी वजह से भारत में सोने की मांग हमेशा बनी रहती है, चाहे कीमत ऊपर हो या नीचे।




