नई दिल्ली, रफ्तार। आईटीआर फाइल कर चुके लोग अब रिफंड मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इस मौका का फायदा उठाने में स्कैमर्स लगे हैं। ये लोग रिफंड के आड़ में फ्रॉड कर रहे हैं। अब आयकर विभाग ने करदाताओं को विभाग के नाम पर आयकर रिफंड का वादा करने वाले फ़िशिंग संदेशों को लेकर चेतावनी जारी की है। ऐसे मैसेज में अक्सर हाइपरलिंक होता है, जो उपयोगकर्ताओं को आधिकारिक आयकर विभाग के प्लेटफ़ॉर्म जैसी दिखने वाली भ्रामक वेबसाइट पर री-डायरेक्ट कर देता है। इस धोखाधड़ी वाली साइट पर पर्सनल डिटेल्स देने वाले करदाताओं को फ्रॉड का शिकार बना लिया जाता है। स्कैमर्स द्वारा दिल्ली-एनसीआर समेत अलग-अलग राज्यों के लोगों को आयकर विभाग के नाम फ्रॉड SMS भेजे जा रहे हैं।
ऐसे किया जा रहा फ्रॉड
साइबर पुलिस ने कहा है कि साइबर फ्रॉड एसएमएस भेज कर संदेश दे रहे कि आपका आईटीआर प्रोसेस हो गया है। आपके नाम पर इतने हजार रुपए का रिफंड है। यह रकम आपके खाते में जल्द क्रेडिट हो जाएगी। आप अपना बैंक अकाउंट नंबर वेरिफाई कराएं। इसके बाद वो कहते हैं कि यह खाता नंबर सही नहीं आप नीचे दिए लिंक पर जाकर अपनी बैंक अकाउंट की डिटेल अपडेट करें। बहुत लोग जल्दी में अपना अकाउंट नंबर ठीक करने के लिए फ्रॉड लिंक पर क्लिक कर रहे हैं, जहां से वो स्कैमर्स के फर्जी इनकम टैक्स के फेक पेज पर पहुंचते हैं। वहां अकाउंट नंबर ठीक करने के लिए अपनी डिटेल दर्ज करते हैं, उसके बाद वेरिफिकेशन के नाम पर ‘ओटीपी’ जाता है। ओटीपी डालते ही स्कैमर्स बैंक अकाउंट खाली कर देते हैं।
कैसे बचें?
आप फर्जी रिफंड के लोभ में न फंसे और संदेह वाले एसएमएस में दिए लिंक पर क्लिक नहीं करें। आप सीधे आयकर विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिफंड स्टेटस चेक कर लें। पर्सनल डिटेल मांगने वाले मैसेज से सावधान रहें। आयकर विभाग से कभी भी ईमेल या एसएमएस के जरिए पैन नंबर, आधार नंबर या बैंक खाते के विवरण नहीं मांगा जाता है। कोई मैसेज या ईमेल में ऐसी जानकारी मांगी जा रही तो इसे स्कैम समझें। आप किसी वेबसाइट की वैधता के बारे में अनिश्चित हैं तो सुनिश्चित करने के लिए URL सत्यापित करें। आपको स्कैम के शिकार होने का संदेह है तो तुरंत आयकर विभाग से संपर्क करें। इस बारे में अधिकारियों को रिपोर्ट करें।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




