नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। Amazon-Flipkart जैसी ई-कॉमर्स कंपनिया आ जाने से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी आसान हुई है। एक ऑर्डर पर सामान आपके घर पर डिलीवर हो जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन प्रोडक्ट्स से आपकी जान को भी खतरा पैदा हो सकता है। जी हां, सही सुना आपने, ये कंपनिया भारतीय मानक ब्यूरो के रडार पर हैं। पिछले कुछ समय में इन कंपनियों से छापेमारी करते हुए 70 लाख रुपये के फेक इलैक्ट्रॉनिक सामान जब्त हुआ है। जो आपकी जान के लिए घातक साबित हो सकता था।
Amazon-Flipkart कर रही हैं जान से खिलवाड़?
भारतीय मानक ब्यूरो की दिल्ली ब्रांच ने मोहन को-ऑपरेटिव इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित अमेजन सेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदामों में छापेमारी की है। इस दौरान 3500 से ज्यादा ऐसे उत्पादों को जब्त किया गया है जो बिना ISI मार्क के बेचे जा रहे थे, यही नहीं इन प्रोडक्ट्स पर फेक ISI लेबल लगा हुआ था। जब्त हुए प्रोडक्ट्स में Geyser, फूड मिक्सर और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले होम अप्लायंसेज शामिल हैं। फ्लिपकार्ट के साथ भी यही समस्या सामने आई है। जब्त किए गए सामान की कीमत करीब 70 लाख रुपये है। बिना ISI मार्क वाले प्रोडक्ट्स आपकी जान के लिए घातक भी साबित हो सकते हैं। इलैक्ट्रानिक चीजों में करंट आ सकता है जो जान के लिए खतरा है।
लगातार हो रही है छापेमारी
पिछले एक महीने में BIS टीम ने देश के अलग-अलग राज्यों में इसी तरह की कार्रवाई की है और दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, लखनऊ और श्रीपेरंबदूर में कई निम्न स्तर की क्वालिटी वाले सामान जब्त किए हैं। BIS से वैध लाइसेंस या अनुपालन प्रमाणपत्र (COC) के बिना इन उत्पादों का निर्माण, आयात, वितरण, बिक्री करना प्रतिबंधित है।




