नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क । लंबी अवधि में पैसा बनाने के लिए म्यूचुअल फंड की SIP (सिस्टमेटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) को सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है। यह निवेश की एक ऐसी आदत है जो अनुशासन सिखाती है और समय के साथ बड़ी दौलत बना सकती है। लेकिन निवेशकों की कुछ आम लेकिन खतरनाक गलतियां इस पूरे प्लान को बर्बाद कर सकती हैं और वो भी बिना बताए, चुपचाप। इस खास रिपोर्ट में जानिए वो 5 बड़ी गलतियां, जो अगर आपने कीं, तो आपकी मेहनत की कमाई धीरे-धीरे खत्म हो सकती है।
1. सलाह नहीं, समझदारी से चुनें फंड
अक्सर लोग दोस्त, रिश्तेदार या यूट्यूब पर देखे वीडियो के आधार पर कोई भी फंड चुन लेते हैं। ये सबसे पहली और सबसे आम गलती है। हर व्यक्ति की ज़रूरतें, जोखिम झेलने की क्षमता और लक्ष्य अलग होते हैं। इसलिए “जो फंड मेरे दोस्त ने लिया, वही मैं भी लूंगा” वाली सोच को त्यागें। निवेश से पहले रिसर्च करें। शुरुआत में Nifty 50 Index Fund जैसे भरोसेमंद विकल्प से शुरुआत करें।
2. बाजार गिरा… और आपने SIP बंद कर दी?
अगर आपने भी गिरते बाजार को देखकर अपनी SIP रोक दी, तो समझ लीजिए आपने सबसे सस्ते रेट पर मिलने वाले “बेस्ट ऑफर” को ठुकरा दिया। बाजार गिरता है तो वही पैसे में ज्यादा यूनिट्स मिलती हैं और जब बाजार उठता है तो वही यूनिट्स मुनाफा लाकर देती हैं। इसलिए घबराने की नहीं, मौके को भुनाने की जरूरत है।
3. SIP से ‘जल्दी अमीर बनने’ की उम्मीद?
अगर आप सोचते हैं कि 2-3 साल में SIP आपको करोड़पति बना देगी, तो ज़रा ठहरिए। SIP कोई लॉटरी नहीं है। यह एक लंबी दूरी की दौड़ है। 7-10 साल या उससे भी ज्यादा का नजरिया रखिए। तभी मिलेगा ‘कम्पाउंडिंग’ का असली फायदा। सब्र रखें, SIP आपको धीरे-धीरे लेकिन स्थायी रूप से अमीर बनाती है।
4. पोर्टफोलियो की कभी जांच न करना
सालों तक बिना देखे SIP चलाते रहना भी नुकसानदेह हो सकता है। हर साल कम से कम एक बार अपने पोर्टफोलियो का रिव्यू करें। देखिए क्या फंड सही प्रदर्शन कर रहा है? क्या वह अपनी कैटेगरी के अन्य फंड्स से पिछड़ तो नहीं रहा? समय पर रिव्यू करने से आप सही फैसले ले पाएंगे।
5. SIP की राशि वही की वही?
मान लीजिए आपने 2015 में ₹5,000 की SIP शुरू की थी। आज 2025 है, और आप अभी भी वही ₹5,000 डाल रहे हैं? जब आपकी सैलरी बढ़ रही है, तो निवेश क्यों नहीं? SIP में हर साल 10% की बढ़ोतरी करें। इसे ‘Step-up SIP’ कहा जाता है और यही छोटा कदम, भविष्य में आपको लाखों का अतिरिक्त फायदा दे सकता है।




