नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिवाली का त्योहार आते ही हर कोई चाहता है कि उनका घर सबसे सुंदर और चमकदार दिखे। अगर आप भी चाहते हैं कि इस बार आपका घर सेलिब्रिटी हाउस जैसा दमकता नज़र आए, तो बस अपनाइए ये आसान और बजट-फ्रेंडली सजावट के टिप्स।
लाइट और फूलों से बढ़ाएं घर की रौनक
रंग-बिरंगी लाइटें और फूल किसी भी घर की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं। गेंदे और गुलाब के फूलों की माला से दरवाज़े, बालकनी और लिविंग रूम को सजाएं। ये न सिर्फ देखने में सुंदर लगेंगे बल्कि खुशबू से माहौल भी महका देंगे।
पेपर लैम्प से दें अनोखा टच’
बाज़ार में मिलने वाले रंगीन पेपर लैम्प से घर को एक नया रूप दें। इन्हें लाइट के ऊपर लगाएं — इससे घर को गर्माहट भरा, रॉयल लुक मिलेगा जो मेहमानों को ज़रूर पसंद आएगा।
रंगोली से करें पारंपरिक सजावट
रंगोली दिवाली का सबसे अहम हिस्सा है। दरवाज़े या ड्रॉइंग रूम के प्रवेश द्वार पर सुंदर रंगोली बनाएं। चाहें तो फूलों की पंखुड़ियों या रंगीन पाउडर से डिज़ाइन बनाएं।
कांच के बाउल और मोमबत्तियों से सजाएं कोना-कोना
कांच के कटोरों में पानी भरकर उसमें गुलाब की पंखुड़ियां और तैरती मोमबत्तियां डालें। इन बाउल्स को सेंटर टेबल या खिड़की के पास रखें, ये घर को एकदम रॉयल टच देंगे।
दीयों से जगमगाएं हर कोना’
दिवाली दीयों का त्योहार है, इसलिए उन्हें खास बनाएं। मिट्टी के सादे दीयों को पेंट या कलर कोड करके सजाएं। इनसे घर न सिर्फ रोशनी से भर जाएगा बल्कि पॉज़िटिव एनर्जी भी फैल जाएगी।
दिवाली पर घर को खास बनाने के लिए लाइट, फूल, पेपर लैम्प, रंगोली और दीयों से सजावट करें। ये आसान टिप्स छोटे से घर को भी शाही महल जैसा लुक देंगे।





