नई दिल्ली ,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के बीच शनिवार मोतिहारी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए के समर्थन में जोरदार रैली की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब बिहार में लालटेन की धुंधली रोशनी में कोई अपराध नहीं कर पाएगा। सीएम योगी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की एलईडी लाइट में जगमगाता बिहार तय कर चुका है कि 14 नवंबर को फिर एक बार एनडीए की सरकार बनेगी।
अपराधियों पर CM योगी का तीखा वार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार की जनता ने रुझानों से साफ कर दिया है कि अब अपराध और भ्रष्टाचार की राजनीति को जनता पूरी तरह नकार चुकी है। उन्होंने कहा, “ये अपराधी और माफिया किसी के सगे नहीं होते, न इनकी कोई जाति होती है, न धर्म। अपराध करना और गैरकानूनी संपत्ति पर कब्जा करना ही इनका पेशा है। ऐसे लोगों का सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए।”
कांग्रेस और आरजेडी ने बिहार की प्रतिभा को रोका
अपने भाषण में योगी ने कांग्रेस और आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास नालंदा विश्वविद्यालय जैसी परंपरा से जुड़ा है। लेकिन जो राज्य शिक्षा और ज्ञान की भूमि था, वह साक्षरता में पीछे क्यों चला गया? उन्होंने कहा, “इसके लिए कांग्रेस और राजद जिम्मेदार हैं। इन पार्टियों ने बिहार के युवाओं की प्रतिभा को अपने स्वार्थ के लिए रोक दिया और उनके भविष्य को अंधकार में धकेल दिया। सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब बिहार के युवा पलायन को मजबूर थे, लेकिन एनडीए शासन और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की नींव मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है और जनता यह तय कर चुकी है कि “लालटेन की मंद रोशनी का युग अब खत्म हो गया है।
बिहार विकास की रोशनी में आगे बढ़ रहा है
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज बिहार में विकास और समृद्धि की पूरी संभावनाएं हैं। सड़क और रेलवे नेटवर्क, इनलैंड वाटरवे, एयरपोर्ट, मेट्रो जैसी परियोजनाएं राज्य को नई दिशा दे रही हैं। साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेजों और एम्स जैसे संस्थानों की स्थापना ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व में बिहार अब एलईडी लाइट की तरह चमक रहा है और 14 नवंबर को इसका नतीजा सबके सामने होगा।





