नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए में चुनावी कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बुधवार को अपने दल के चार उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। सूची में उनकी पत्नी स्नेहलता को सासाराम सीट से टिकट दिया गया है। वहीं, महुआ सीट को लेकर एनडीए के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है।
महुआ सीट पर एनडीए में विवाद
एनडीए में महुआ सीट को लेकर जारी मतभेद नजर आ रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा और चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) के बीच इस सीट को लेकर तनातनी थी। कुशवाहा महुआ से अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारना चाहते थे, लेकिन बीजेपी ने अंततः यह सीट चिराग पासवान की पार्टी को दे दी। समझौते के तहत कुशवाहा को पारू सीट दी गई, जो पहले बीजेपी के खाते में थी और जहां से विधायक अशोक सिंह हुआ करते थे। इधर, लोजपा (रामविलास) ने महुआ सीट से संजय सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया है। पहले लोजपा की सूची में इस सीट का नाम नहीं था, जिसके चलते एनडीए के भीतर असहमति की खबरें तेज हुई थीं।
उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता सासाराम से चुनाव मैदान में
राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों की सूची जारी की है। मधुबनी से माधव आनंद, दिनारा से आलोक कुमार सिंह और उजियारपुर से प्रशांत कुमार पंकज को टिकट दिया गया है। वहीं, सासाराम से उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता को उम्मीदवार बनाया गया है। बाजपट्टी और पारू सीट फिलहाल खाली रखी गई हैं।
अमित शाह से मुलाकात के बाद बदला कुशवाहा का रुख
हाल ही में रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि “एनडीए में सब ठीक नहीं है।” इसी बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें दिल्ली बुलाया था। कुशवाहा ने बुधवार को पटना में पार्टी की आपात बैठक बुलाई थी, जिसमें राजग के भीतर पार्टी की भूमिका पर चर्चा होनी थी, लेकिन बैठक अचानक स्थगित कर दी गई। माना जा रहा है कि अमित शाह से मुलाकात के बाद कुशवाहा ने अपना फैसला बदल लिया।
महुआ में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
महुआ सीट पर मुकाबला अब दिलचस्प हो गया है, क्योंकि पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह यादव ने बताया कि तेज प्रताप वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट से उम्मीदवार होंगे। जेजेडी की पहली सूची में 21 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें ज्यादातर यादव, कुशवाहा और पिछड़ी जातियों से हैं, जिससे महुआ में त्रिकोणीय मुकाबले के संकेत मिल रहे हैं।





