नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार मंगलवार 4 नवंबर को थमने से ठीक पहले महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बड़ा वादा किया है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी, तो मकर संक्रांति 14 जनवरी के दिन हर पात्र महिला के खाते में एकमुश्त 30,000 की राशि भेजी जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि “माई-बहिन-मान योजना” से राज्य की महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि हर जगह महिलाओं में इस योजना को लेकर उत्साह है और वे महागठबंधन के पक्ष में हैं।
जीविका दीदियों के लिए भी तोहफा
तेजस्वी यादव ने कहा कि जीविका दीदियों को स्थायी किया जाएगा, उनका मानदेय बढ़ाया जाएगा, और ₹5 लाख तक का बीमा दिया जाएगा। साथ ही, जीविका समूह की महिलाओं को 2,000 रुपये की सहायता राशि दी जाएगी और उनके लोन माफ किए जाएंगे। किसानों को लेकर तेजस्वी यादव ने कई ऐलान किए धान पर एमएसपी के अलावा 300 रुपये प्रति क्विंटल बोनस गेहूं पर एमएसपी के अतिरिक्त 400 रुपये प्रति क्विंटल बोनस किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, किसानों के बिजली बिल पूरी तरह माफ किए जाएंगे उन्होंने कहा, “अभी सरकार 55 पैसे प्रति यूनिट बिजली चार्ज कर रही है, हमारी सरकार बनेगी तो इसे जीरो किया जाएगा।
कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए राहत
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने सरकारी कर्मचारियों और व्यापारियों के लिए भी घोषणाएं कीं पैक्स अध्यक्ष और व्यापार मंडल अध्यक्ष को जनप्रतिनिधि का दर्जा दिया जाएगा। सभी सरकारी कर्मचारियों का ट्रांसफर उनके घर से 70 किलोमीटर के दायरे में होगा। ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) फिर से लागू की जाएगी। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि “महिलाएं, किसान और युवा अब एनडीए की 20 साल पुरानी सरकार से ऊब चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनते ही सभी वादों को जमीन पर उतारा जाएगा।





