नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। जैसे जैसे बिहार चुनाव नजदीक आ रहा है वैसे वैसे सभी दल एक दूसरे पर हमलावर होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस की ओर से पीएम मोदी की मां का एक AI वीडियो जारी किया है जिसे बीजेपी ने अपमानजनक बताया है।
AI वीडियो पर मचा सियासी घमासान
बिहार कांग्रेस के इस कदम के बाद देश की राजनीति में घमासान बढ़ गया है। डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने बिहार कांग्रेस के AI जनरेटेड वीडियो को पीएम मोदी की मां का अपमान करार दिया। बीजेपी ने इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वीडियो के माध्यम से पीएम और उनकी मां का अपमान किया गया है।
सम्राट चौधनी ने कांग्रेस पर हमला बोले हुए कहा कि पार्टी ने निकृष्टता की हद पार कर दी है। उन्होने कहा कि, कांग्रेस AI तकनीक का दुरुपयोग कर माननीय प्रधानमंत्री की माताजी का अपमान कर रही है और राजनीतिक विवाद को बढ़ा रही है।
वीडियो में दिवंगत मां के प्रति कोई अनादर नहीं – कांग्रेस
इस बीच, बिहार कांग्रेस ने AI वीडियो विवाद में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सफाई पेश की है। पवन खेड़ा ने कहा कि, वीडियो में पीएम मोदी की दिवंगत मां के प्रति कोई अनादर नहीं है। उन्होने कहा कि, वीडियो केवल माता-पिता के रूप में शिक्षण का प्रतीक है और अगर कोई इसे अपमान समझता है, तो यह उसकी व्यक्तिगत धारणा है, उनका या कांग्रेस का नहीं।
बीजेपी झूठी सहानुभूति बटोरने में लगी है- पवन खेड़ा
कांग्रेस नेता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी हर बात को मुद्दा बनाकर झूठी सहानुभूति बटोरने की कोशिश क्यों करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राजनीति में हैं और विपक्ष के हास्य-बोध को व्यक्तिगत रूप से नहीं लेना चाहिए। वीडियो में हास्य नहीं, बल्कि ‘नसीहत’ छिपी है।
कांग्रेस और RJD कभी नहीं सुधरेंगी- राज्यमंत्री नित्यानंद राय
वहीं, इस मामले पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस पर पीएम मोदी और उनकी माता के अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि, कांग्रेस पार्टी और आरजेडी ने फैसला कर लिया है, कि हम नहीं सुधरेंगे।
वीडिया में क्या दिखाया गया?
बिहार कांग्रेस ने 10 सितंबर को एक AI वीडियो जारी किया, जिसमें पीएम मोदी की दिवंगत मां हीराबेन का किरदार दिखाया गया। वीडियो में हीराबेन पीएम से बात करती नजर आती हैं और नोटबंदी, बिहार की राजनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा होती है। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया, ‘साहब के सपनों में आई मां…’। बीजेपी ने इसे लेकर आपत्ति जताई है।




