नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । भारत और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को होने वाले एशिया कप 2025 के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले ही माहौल गरम हो गया है। मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर विवादास्पद बयान देकर दोनों देशों के क्रिकेट प्रेमियों के बीच बहस छेड़ दी है। एक मीडिया इंटरव्यू में शाहिद अफरीदी ने भारतीय पूर्व क्रिकेटरों शिखर धवन और इरफान पठान पर परोक्ष रूप से निशाना साधा।
क्या कहा शाहिद अफरीदी ने ?
शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर भारत-पाक क्रिकेट को लेकर विवादास्पद बयान दिया है। समा टीवी पर बातचीत के दौरान उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप लीग (WCL) से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा करते हुए भारतीय खिलाड़ियों पर सवाल उठाए। अफरीदी ने कहा कि लंदन में होने वाले एक मुकाबले के लिए सारी तैयारी हो चुकी थी, टिकट तक बिक चुके थे, लेकिन ऐन मौके पर भारतीय टीम मैदान पर उतरने से पीछे हट गई। उन्होंने दावा किया कि उस मैच में भारत की ओर से शिखर धवन और इरफान पठान खेलने वाले थे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने पूरी तैयारी कर ली थी, फिर आखिरी वक्त पर क्यों पीछे हटे? दर्शकों ने टिकट खरीदे थे, उनकी भावनाओं का क्या?”
इस मुद्दे को उठाते हुए अफरीदी ने यह भी कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट जारी रहना चाहिए। मैं हमेशा से मानता हूं कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट खेला जाना चाहिए। इससे रिश्तों में सुधार की संभावनाएं बनती हैं। अफरीदी के इन बयानों से एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
शाहिद अफरीदी का ‘खराब अंडे’ वाला बयान फिर चर्चा में
शाहिद अफरीदी ने एक बार फिर अपने पुराने विवादित बयान को दोहराते हुए कहा कि “मैंने पहले एक खिलाड़ी को ‘खराब अंडा’ कहा था और उसका कप्तान भी उसे यही मानता था। अगर किसी को मैच नहीं खेलना है तो मत खेलो, लेकिन सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने का कोई तुक नहीं है।” हालांकि अफरीदी ने इस बार भी किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनका इशारा सीधे शिखर धवन की ओर था।
अफरीदी का भारत पर व्यक्तिगत हमला
शाहिद अफरीदी ने अब भारत को लेकर व्यक्तिगत बयान दे डाला। अफरीदी ने कहा कि भारत में कई खिलाड़ी आज भी ऐसे माहौल में खेलते हैं, जहां उन्हें बार-बार ये साबित करना पड़ता है कि वे भारतीय हैं, इसके लिए उन्हें देशभक्त होने का सबूत देना पड़ता है। कभी उनके घर जलाने की धमकी मिलती है, तो कभी सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बहुत अधिक होता है, खासकर जब वे पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हैं।
IND vs PAK मैच से पहले माहौल गरम
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला हर मुकाबला वैसे ही हाईवोल्टेज ड्रामा से कम नहीं होता और इस बार भी कुछ अलग नहीं है। रविवार को दुबई में होने वाले एशिया कप 2025 के इस बड़े मैच से पहले शाहिद अफरीदी की बयानबाजी ने माहौल को और भी ज्यादा गर्म कर दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि रविवार को मैदान पर खिलाड़ी अपने बल्ले और गेंद से कैसा जवाब देते हैं। क्या क्रिकेट की स्पिरिट ऊपर रहेगी या फिर अफरीदी की बयानबाजी ही मैच के इर्द-गिर्द बनी चर्चा में हावी रहेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।




