नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी रैलियों में लगातार विपक्ष पर जंगलराज का आरोप लगा रहे हैं, वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने उन पर पलटवार किया है। प्रियंका ने इस दौरान चुनाव आयोग को भी कटाक्ष का निशाना बनाया और दोनों पर तीखा हमला बोला।
कटिहार जिले में आयोजित एक जनसभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी अब प्रधानमंत्री पद की गरिमा बनाए रखने में असफल हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी अपनी रैलियों में कट्टा, गोली, फिरौती और रंगदारी जैसी बातें कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है। प्रियंका ने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि “कोई इतना नीचे कैसे गिर सकता है?” उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता अब मोदी के झूठ से गुमराह नहीं हो रही है और चुनाव जीतने के लिए वे वोट चोरी जैसी राह पर उतर आए हैं।
पीएम मोदी के साथ चुनाव आयोग पर भी प्रियंका गांधी का हमला
प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर तीखा हमला करते हुए चुनाव आयोग को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी चुनाव आयोग के तीन अधिकारियों ज्ञानेश कुमार, विवेक जोशी और एस. एस. संधू के साथ मिलकर वोट चोरी कर रहे हैं। प्रियंका का कहना है कि ये तीनों अधिकारी चुनाव आयोग के शीर्ष पदों पर हैं और देश के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ये अधिकारी वोट चोरी में सरकार की मदद कर रहे हैं।
लोकतंत्र और संविधान के साथ विश्वासघात का लगाया आरोप
प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग के ये तीनों अधिकारी जनता के अधिकारों को छीन रहे हैं। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से आग्रह किया कि इनके नाम याद रखिए और इन्हें पद के पीछे छिपने मत दीजिए। प्रियंका का आरोप है कि यही तीन अधिकारी लोकतंत्र और संविधान के साथ विश्वासघात कर रहे हैं और देश इन्हें भूल नहीं पाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इन सभी को आने वाले समय में जवाब देना होगा। प्रियंका ने कहा कि संविधान ने जनता को वोट डालने का अधिकार दिया है, जिससे सरकार बनाने का निर्णय जनता लेती है। लेकिन जब भाजपा को पता चला कि जनता उसके खिलाफ हो रही है, तो उसने लोगों के अधिकारों को कमजोर करने के लिए ‘वोट चोरी’ शुरू कर दी।
“बीजेपी सरकार से त्रस्त लोग”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ललितपुर, उत्तर प्रदेश में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वहां एक किसान खाद लेने के लिए दो दिन तक लाइन में खड़ा रहा। बिना कुछ खाए-पीए, लंबे इंतजार के बाद उसकी जान चली गई। राहुल गांधी ने कहा कि यही बीजेपी सरकार की वास्तविक तस्वीर है, जहां आम जनता हर तरफ़ से परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के पास अपने मताधिकार से सरकार बदलने का अधिकार है, लेकिन इसे भी छीना जा रहा है।





