नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लोक जनशक्ति पार्टी LJP में अंदरूनी खींचतान तेज हो गई है। एक ओर चिराग पासवान हैं, जो खुद को रामविलास पासवान का असली राजनीतिक उत्तराधिकारी मानते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके चाचा पशुपति कुमार पारस हैं, जो अब राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी RLJP के बैनर तले अपनी ताकत दिखा रहे हैं और इस दौरान आरएलजेपी के नेताओं ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला और इस सरकार को दलित विरोधी बताया, साथ ही ये ऐलान किया कि आज से NDA से हमारी पार्टी का कोई नाता रिश्ता नहीं है। पारस ने साफ लहजों में एनडीए से गठबंधन तोड़ने की बात कर दी है।
बापू सभागार में पारस का शक्ति प्रदर्शन
अंबेडकर जयंती के मौके पर पटना के बापू सभागार में RLJP की ओर से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में दलित समुदाय के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस कार्यक्रम के ज़रिए पशुपति पारस ने यह दिखाने की कोशिश की कि पासवान समाज का असली हितैषी कौन है।
चिराग पर लगे ‘सेल्फिश’ होने के आरोप
इस कार्यक्रम में जहां कुछ लोगों ने चिराग पासवान की तारीफ की, वहीं कई लोगों ने उन पर तीखा हमला भी किया। एक कार्यकर्ता ने कहा, “चिराग पासवान सेल्फिश नेता हैं। हमारे असली नेता पशुपति पारस हैं।” इससे पार्टी के अंदर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। पारस ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि उनकी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में मजबूत रणनीति के साथ उतरेगी। गठबंधन पर भी जल्द फैसला लिया जाएगा। उन्होंने साफ कर दिया कि इस बार वह चुप नहीं बैठेंगे और चिराग पासवान को कड़ी टक्कर देंगे।
वक्फ संशोधन बिल पर भी बोले पारस
पत्रकारों से बातचीत में पशुपति पारस ने केंद्र सरकार के वक्फ संशोधन बिल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान हमेशा सभी धर्मों को साथ लेकर चलने की बात करते थे। लेकिन अब कुछ लोग देश में धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। जब पत्रकारों ने चिराग पासवान और उनकी बड़ी मां राजकुमारी देवी के विवाद से जुड़ा सवाल किया, तो पारस ने कहा, “यह चुनावी मतभेद है। पर राज को राज रहने दीजिए। जिस महिला को चिराग ‘राजमाता’ कहते हैं, उन्हें रामविलास जी के अंतिम दर्शन तक नहीं करने दिया गया।चिराग पासवान पर तंज कसते हुए पारस ने कहा कि चिराग एक फिल्मी हीरो की तरह हैं। पर्दे पर कुछ और रोल निभाते हैं और असल ज़िंदगी में कुछ और। कार्यक्रम के अंत में पारस ने सभी कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में RLJP पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी।




