नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। बिहार के वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार 3 मार्च को राज्य का बजट पेश किया। 3.17 लाख करोड़ के इस बजट में आम जनता, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। चूंकि यह NDA सरकार के कार्यकाल का आखिरी बजट है और चुनावी साल भी है, इसलिए सरकार ने कई लोकलुभावन योजनाओं का ऐलान किया।
बजट की मुख्य घोषणाएं
सभी जिलों में आधुनिक बस स्टैंड बनाए जाएंगे। पटना से राज्य के मुख्यालयों तक की यात्रा 2027 तक केवल 4 घंटे में पूरी करने का लक्ष्य। महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू होगी, जिसमें ड्राइवर और कंडक्टर भी महिलाएं होंगी। सभी जिलों में महिला वाहन संचालन केंद्र बनाए जाएंगे। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान। शिक्षा विभाग पर कुल 60,974 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावासों की स्थापना होगी। पटना में महिलाओं के लिए ‘जिम ऑन व्हील्स’ की शुरुआत। गरीब लड़कियों की शादी के लिए कन्या मंडप बनाए जाएंगे।
कृषि और किसानों के लिए राहत
मूंग और अरहर दाल की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य MSP पर होगी। नहरों के किनारे सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे किसानों को सस्ती बिजली मिलेगी। ‘सुधा’ की तर्ज पर सब्जी उत्पादकों के लिए भी आउटलेट खुलेंगे। सब्जी उत्पादक समिति का गठन किया जाएगा। सभी निबंधन कार्यालय पूरी तरह पेपरलेस होंगे। विदेशों में रहने वाले लोग भी ऑनलाइन निबंधन करा सकेंगे। ‘गो ग्रीन’ अभियान को बढ़ावा मिलेगा। पूर्णिया हवाई अड्डे से अगले तीन महीने में विमानों की उड़ान शुरू होगी राजगीर, सुल्तानगंज और रक्सौल में नए हवाई अड्डे विकसित किए जाएंगे। भागलपुर, वाल्मीकिनगर, वीरपुर, मधुबनी, मुंगेर, सहरसा और मुजफ्फरपुर हवाई अड्डों को उड़ान योजना के तहत विकसित किया जाएगा।
क्या बोले वित्त मंत्री?
बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सबसे ज्यादा महिला पुलिस भर्ती हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार तेजी से प्रगति कर रहा है और आने वाले वर्षों में यह राज्य और मजबूत होगा।बिहार बजट 2025 में महिलाओं, किसानों और युवाओं को ध्यान में रखकर कई बड़े फैसले लिए गए हैं। अब देखना होगा कि ये योजनाएं जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से लागू होती हैं और बिहार के विकास को कितनी गति मिलती है।




