नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। भोजपुरी फिल्मों के पावर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह इन दिनों काराकाट लोकसभा क्षेत्र में खूब एक्टिव नजर आ रही हैं। डेहरी, काराकाट और नवीनगर जैसे इलाकों में वह लगातार जनसंपर्क कर रही हैं और लोगों से मिल रही हैं।
“चुनाव लड़ूंगी तो जीत तय है” – ज्योति सिंह का बड़ा दावा
हाल ही में ज्योति सिंह ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि यदि वह काराकाट लोकसभा क्षेत्र की किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ती हैं, तो उनकी जीत तय है। उनके इस बयान से बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। तपती गर्मी और हिट वेव के बावजूद ज्योति सिंह लगातार लोगों के बीच जा रही हैं। वह डेहरी, काराकाट, गोरारी, बिक्रमगंज और नबीनगर जैसे इलाकों का दौरा कर रही हैं और महिलाओं के बीच खासा लोकप्रिय होती जा रही हैं।
पिछले चुनाव में पति पवन सिंह को मिला था दूसरा स्थान
गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट से चुनाव लड़ा था और दूसरे स्थान पर रहे थे। उस दौरान ज्योति सिंह ने उनके लिए जमकर प्रचार किया था। पवन सिंह भले ही चुनाव हार गए, लेकिन ज्योति सिंह तब से लगातार क्षेत्र में सक्रिय बनी हुई हैं।
अब खुद चुनाव लड़ने के मूड में हैं ज्योति सिंह
अब जब ज्योति सिंह ने खुद चुनाव लड़ने की बात कही है, तो यह साफ हो गया है कि वह राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर चुकी हैं। हालांकि उन्होंने अभी यह साफ नहीं किया है कि किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी, लेकिन संभावना है कि काराकाट, डेहरी या नवीनगर में से किसी एक सीट से मैदान में उतरेंगी। ज्योति सिंह को जहां भी देखा जाता है, खासकर महिलाओं की भारी भीड़ उनके आसपास जमा हो जाती है। लोगों का कहना है कि वह बेहद सहज और आत्मीय व्यवहार करती हैं, जिससे लोग उनके प्रति आकर्षित हो रहे हैं। फिलहाल वह काराकाट क्षेत्र में ही रह रही हैं और कहा जा रहा है कि जल्द ही वह अपनी चुनावी सीट की औपचारिक घोषणा कर सकती हैं।





