नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव साल के अक्टूबर-नवंबर महीने में होने है। इससे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी घोषणा और आयोग का गठन कर रहे है। सीएम नीतीश कुमार चुनाव के लिए पूरी लय में नजर आ रहे हैं तो वहीं, उनकी जनता दल यूनाइटेड (JDU) को झटका लगा है। पूर्वी चंपारण के ढाका से JDU के प्रखंड अध्यक्ष गौहर आलम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ RJD में शामिल हो गए।
चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार के लिए यह एक तरह से सियासी झटका माना जा रहा है। बीते मंगलवार (03 जून, 2025) की शाम ढाका के पूर्व विधायक फैसल रहमान के ढाका स्थित आवास पर उन्होंने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ RJD का थामन थाम लिया। इस दौरान पूर्व विधायक और समर्थक RJD पार्टी की सदस्यता भी ले ली। पार्टी में शामिल हुए नए सदस्यों को सम्मानित किया गया। फूलमाला देकर RJD की टोपी पहनाई गई।
बता दें कि, संसद के दोनों सदनों से वक्फ संशोधन बिल पारित होने के बाद देश भर मे मुस्लिम वर्गों में काफी नाराजगी देखी गई। उसी दौरान गौहर आलम ने 15 लोगों ने साथ JDU से इस्तीफा दे दिया था। अब जब कुछ महीने में विधानसभा चुनाव होना है तो वे RJD में शामिल हो गए हैं। अब देखना और भी दिलचस्प होगा कि पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में RJD को कितना फायदा होता है। और JDU छोड़ने के बाद नीतीश कुमार को क्या नुकसान होता है।
‘तेजस्वी यादव का सीएम बनना तय’
RJD की टोपी पहनने और पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद गौहर आलम ने कहा कि जेडीयू पूर्व में सेक्युलर पार्टी थी। अब जेडीयू बीजेपी और आरएसएस की गोद में बैठ गई है। ऐसे में अब बिहार के सीएम नीतीश कुमार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव होना है और तेजस्वी यादव का सीएम बनना तय है।
इस मौके पर पूर्व विधायक फैसल रहमान ने कहा कि, लोगों ने मन बना लिया है कि तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाना है। फैसल रहमान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि तेजस्वी यादव की महत्वपूर्ण ‘माई बहिन मान योजना’ को घर-घर तक पहुंचाएं। तेजस्वी यादव को सीएम बनाने में अपना सहयोग दें।




