नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। इन दिनों अभिनेता सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ को खूब पसंद किया जा रहा है। लेकिन इस बीच एक्टर और फिल्म की स्टार कास्ट पर एक मुसीबत आ गई है। यह फिल्म शुरू से ही विवादों में थी, अब यह विवाद और गहरा गया है। सनी देओल, रणदीप हुड्डा समेत कई बॉलीवुड हस्तियों के खिलाफ जालंधर में धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज किया गया है। फिल्म के एक सीन पर ईसाई समुदाय ने आपत्ति जताई है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
लॉर्ड ईसा मसीह के प्रति अनादर को लेकर आपत्ति
फिल्म ‘जाट’ एक सीन पर ईसाई समुदाय द्वारा आपत्ति जताई गई है। इसको लेकर जालंधर के फोलडीवाल गांव निवासी विकल्प गोल्ड ने जालंधर के सदर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। जिसमें सनी देओल , रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह के साथ-साथ डायरेक्टर गोपीचंद मालिनेनी और प्रोड्यूसर नवीन मालिनेनी के खिलाफ एफआईआर की गई है। इस शिकायत में दावा किया गया था कि फिल्म का एक सीन धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह सब क्रिश्चियन कम्यूनिटी के मेंबर्स के ऑब्जेक्शन के बाद हुआ है जिन्होंने ‘जाट’ में लॉर्ड ईसा मसीह के प्रति अनादर को लेकर पुलिस कमिश्नर के ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था।
जानिए सीन में क्या है विवादस्पद
फिल्म जाट के जिस सीन लेकर विवाद खड़ा हुआ है उसमें रणदीप हुड्डा चर्च के अंदर खड़े रहते हैं जो फिल्म में विलेन का किरदार निभा रहे हैं। इसमें दिखता है कि रणदीप चर्च के अंदर पवित्र मंच के ऊपर रखे क्रूस के नीचे खड़े हैं, जबकि मण्डली के सदस्य प्रार्थना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें चर्च के अंदर गुंडागर्दी और धमकी का सीन भी है जिसे काफी आपत्तिजनक पाया गया है।
फिल्म ने पहले हफ्ते में 61 करोड़ तक की कमाई कर ली है
हालांकि स्टार्स और मेकर्स के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद अभी तक फिल्म से जुड़े किसी का भी रिएक्शन नहीं आया है। न किसी ने माफी मांगी है और न ही इस पर अपना पक्ष रखा है। फिलहाल जाट के कलेक्शन की करें तो फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर अच्छी खासी कमाई जारी है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 61 करोड़ तक की कमाई कर ली है।





