नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम और उनकी तस्वीर का दुरुपयोग कर साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। राज्य पुलिस ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए आम लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापनों के जरिए लोगों को झांसे में लिया जा रहा है और उनसे पैसे ऐंठे जा रहे हैं।
फर्जी ऐप, वेबसाइट या WhatsApp नंबर पर भेजा जाता है विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, अपराधी फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन और वीडियो चला रहे हैं। इन विज्ञापनों में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम और तस्वीर लगाकर तत्काल ऋण, CIBIL के बिना लोन, सरकार द्वारा अनुमोदित ऋण योजना और बिना किसी सत्यापन के लोन जैसे आकर्षक दावे किए जा रहे हैं।
लोगों को भरोसे में लेकर उन्हें फर्जी ऐप, वेबसाइट या WhatsApp नंबर पर भेजा जाता है। इसके बाद उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक डिटेल्स, OTP और प्रोसेसिंग फीस या अग्रिम राशि मांगी जाती है। जैसे ही पैसा मिलता है, ठग संपर्क तोड़ देते हैं।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने विज्ञापनों को फर्जी बताया
पश्चिम बंगाल पुलिस ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या राज्य सरकार ने ऐसी कोई ऋण योजना घोषित या स्वीकृत नहीं की है। मुख्यमंत्री के नाम और तस्वीर का इस तरह इस्तेमाल पूरी तरह अवैध और धोखाधड़ी है। पुलिस ने ऐसे सभी विज्ञापनों को फर्जी बताया है।
पुलिस ने आम लोगों को कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है, किसी भी ऐसे विज्ञापन पर भरोसा न करें जो तुरंत लोन देने का दावा करे।अनजान लिंक न खोलें और कोई संदिग्ध ऐप इंस्टॉल न करें। OTP, आधार, पैन या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।ऋण के लिए केवल अधिकृत बैंक, NBFC या सरकारी वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें।
लेनदेन से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रखना जरूरी
अगर कोई व्यक्ति इस तरह की ठगी का शिकार होता है, तो तुरंत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा www.cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। शिकायत करते समय स्क्रीनशॉट, लिंक, फोन नंबर और लेनदेन से जुड़ी जानकारी सुरक्षित रखना जरूरी है।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने कहा कि साइबर अपराध को रोकने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। सतर्क रहकर ही ऐसे फर्जीवाड़े से बचा जा सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें और सावधान रहें।





