नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह तकरीबन 50 स्कूलों को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई। इसके बाद पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम डिस्पोजल टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। फिलहाल जांच में कुछ संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।
किन-किन स्कूलों को मिली धमकी?
मालवीय नगर के एक स्कूल, करोल बाग के कई स्कूल हौज रानी और प्रसाद नगर स्थित आंध्रा स्कूल बताया जा रहा है कि इन स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए, जिसमें बम से उड़ाने की बात कही गई थी। हाल ही में मिल चुकी हैं धमकियां 18 अगस्त को द्वारका के दो स्कूल और एक कॉलेज को धमकी मिली थी। 16 जुलाई को भी पश्चिम विहार, हौज खास और द्वारका के 5 स्कूलों को धमकी दी गई थी। इससे पहले चाणक्यपुरी और दिल्ली के अन्य स्कूलों को भी ऐसे ईमेल मिल चुके हैं। हर बार पुलिस और बम निरोधक दस्ते की जांच में अब तक सभी धमकियां फर्जी निकली हैं।
पुलिस की कार्रवाई और अलर्ट
दिल्ली पुलिस ने बताया कि फायर विभाग को पहली सूचना सुबह 7:24 बजे मिली थी। तुरंत बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को तलाशी के लिए बुलाया गया। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। पुलिस ने सभी स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी है।
साइबर सेल कर रही जांच
दिल्ली पुलिस ने कहा कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत हो सकती है। लगातार धमकियों से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में डर का माहौल है। हालांकि पुलिस ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। दिल्ली के स्कूलों को बार-बार बम की धमकी मिल रही है, लेकिन अब तक हर बार ये फर्जी साबित हुई हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और साइबर सेल जांच कर रही है कि आखिर ये धमकी भरे ईमेल भेज कौन रहा है।




