नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय रक्षा क्षेत्र में इस बार एक अद्भुत संयोग बना है। इस बार तीन सहपाठियों के हाथों में देश की तीनों सेनाओं की कमान होगी। हाल ही में केंद्र सरकार ने एपी सिंह को वायुसेना (Air Force) का प्रमुख नियुक्त किया है। भारतीय थल सेना (Military Force) प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और एपी सिंह के बीच अच्छे संबंध हैं। वहीं नौसेना (Navy) प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ पढ़ाई की है। इसका अर्थ हुआ कि अब देश की तीनों सेनाओं की कमान अब तीनों सहपाठियों के हाथ में होगी।
थल और नव सेना प्रमुख ने रीवा से की है पढ़ाई
एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह (AP Singh) और भारतीय सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 65वें कोर्स में एक साथ पढ़े थे। दोनों 1983 में वहां से पासआउट हुए थे। इसके अलावा जनरल उपेंद्र द्विवेदी और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सैनिक स्कूल से ही पढ़ाई की है।
AP Singh 30 सितंबर को संभालेंगे पदभार
अगले वायु सेना प्रमुख के रूप में एयर मार्शल एपी सिंह 30 सितंबर को पदभार संभालेंगे। बता दें कि, एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने 30 अप्रैल 2024 को नौसेना प्रमुख का पदभार संभाला था। वहीं जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 जून 2024 को पदभार संभाला था। ये अद्भुत संयोग ही है कि तीनों सेना प्रमुखों की नियुक्ति पिछले 5 महीने के अंदर की गई है।
थिएटर कमांड पर काम जारी
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के नेतृत्व में सैन्य मामलों का विभाग एक थिएटर कमांड बनाने पर काम कर रहा है। जिसका उद्वेश्य तीनों सेनाओं के बीच तालमेल को बढ़ाना है। जिससे युद्ध के दौरान सेनाओं को बेहतर सपोर्ट मिल सके। ऐसे में तीनों सेनाओं के प्रमुखों के बीच बेहतर तालमेल होना और भी मददगार साबित होगी।




